By अंकित सिंह | Mar 23, 2023
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली गई एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में भारत को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की श्रृंखला को 2-1 से अपने नाम कर लिया। भारत ने मुंबई में अपना पहला एकदिवसीय मुकाबला जीता था। उसके बाद विशाखापट्टनम और चेन्नई में उसे हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के सबसे ज्यादा कमजोर कड़ी मध्यक्रम की बल्लेबाजी रही। चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह टीम में शामिल किए गए सूर्यकुमार यादव लगातार तीन वनडे मैचों में पहले ही गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद सूर्यकुमार यादव को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त आलोचना हो रही है। फैंस साफ तौर पर कह रहे हैं कि अगर सूर्यकुमार यादव के बल्ले से थोड़े भी रंग बने होते तो नतीजा कुछ और हो सकता था।
फिलहाल सूर्यकुमार यादव आलोचनाओं के केंद्र में हैं। सूर्यकुमार यादव को अपनी गलतियां सुधारनी होगी। ऐसा नहीं है कि सूर्यकुमार यादव पहले भारतीय खिलाड़ी हैं जो तीन मैचों में 0 पर आउट हुए हैं। हां, यह बात जरूर है कि वह पहली ही गेंद पर तीनों ही मैच में शून्य पर आउट हुए हैं। इससे पहले सचिन तेंदुलकर 1994 में लगातार तीन मैचों में 0 पर आउट हुए थे। इसके बाद उन्होंने शतक जड़कर जबरदस्त वापसी की थी। अनिल कुंबले 1996 में लगातार तीन मुकाबलों में शून्य पर आउट हुए थे। वहीं जहीर खान 2003-04 में लगातार तीन मुकाबलों में 0 पर आउट हुए थे। इशांत शर्मा 2010-11 लगातार 0 पर 3 बार आउट हुए थे। वहीं, जसप्रीत बुमराह में 2017-19 में लगातार तीन बार शून्य पर आउट हुए हैं। यह सभी वह खिलाड़ी है जो टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर बने।