By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 07, 2019
मुम्बई। निर्देशक अनुभव सिन्हा और अदाकारा तापसी पन्नू एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं। इससे पहले फिल्म ‘मुल्क’ में दोनों ने एक साथ काम किया था। तापसी (31) ने रविवार को ट्विटर पर निर्देशक के साथ खाना खाते हुए एक तस्वीर साझा कर अपने प्रशंसकों को यह जानकारी दी।
उन्होंने लिखा कि अच्छे खाने के साथ एक नई शुरुआत। यह विषय मेरे दिल के बेहद करीब है। मैं कई साल से यह करना चाहती थी। यह और भी बेहतर हो जाता है जब इसे ‘मैन ऑफ द मोमेंट’ अनुभव सिन्हा के साथ करने का मौका मिले।
इसे भी पढ़ें: ‘आर्टिकल 15’की सफलता पर बोले आयुष्मान, ‘‘खुश हूं कि अपने मन की बात सुनी’’
अदाकार ने ट्वीट में फिल्म की रिलीज तारीख की ओर संकेत करते हुए लिखा कि आठ मार्च 2020 यकीनन देखने वाला दिन होगा। इस पर अनुभव ने जवाब दिया ‘‘पर शुक्रवार तो छह मार्च को है।’’ अनुभव सिन्हा की हाल ही में रिलीज हुई ‘आर्टिकल 15’ को काफी सराहा जा रहा है और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी कमाई की है।