By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 26, 2023
वाशिंगटन। अफगानिस्तान में तालिबान की एक कार्रवाई में इस्लामिक स्टेट (आईएस) का एक आतंकवादी मारा गया, जो अगस्त 2021 में काबुल हवाईअड्डे पर हुए आत्मघाती बम विस्फोट का मुख्य साजिशकर्ता था। यह हमला अफगानिस्तान से अमेरिकी बलों की वापसी के दौरान किया गया था, जिसमें 13 अमेरिकी सैनिक और करीब 170 अफगान नागरिक मारे गए थे। अमेरिका या तालिबान में से किसी को भी शुरुआत में काबुल हवाईअड्डे पर हमले के मुख्य साजिशकर्ता के मारे जाने की खबर नहीं थी। कुछ अधिकारियों ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि तालिबान और आईएस के सहयोगी गुट के बीच दक्षिणी अफगानिस्तान में इस महीने की शुरुआत में हुई लड़ाई के दौरान काबुल हवाईअड्डे पर आत्मघाती हमले का मुख्य साजिशकर्ता मारा गया।
बाइडन प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि यह उनकी ‘‘नैतिक जिम्मेदारी’’ है कि वे जान गंवाने वाले सैनिकों के परिवारों को बताएं कि ‘‘हमले का मुख्य साजिशकर्ता’’ और ‘‘हवाईअड्डे पर हमले के लिए जिम्मेदार व्यक्ति’’ मारा गया है। कई अधिकारियों ने कहा कि अमेरिका की हमले के मुख्य साजिशकर्ता के खिलाफ की गई कार्रवाई में कोई भूमिका नहीं थी और उसने तालिबान के साथ इसे लेकर कोई समन्वय नहीं किया था।