By अंकित सिंह | Aug 14, 2026
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्र से आग्रह किया है कि वे लोकसभा की सदस्य संख्या को स्थायी रूप से 543 बनाए रखने के लिए संविधान में संशोधन करें। प्रधानमंत्री को लिखे अपने पत्र में, विजय ने 12 अगस्त, 2026 को तमिलनाडु विधानसभा द्वारा पारित उस प्रस्ताव का ज़िक्र किया, जो संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन और महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से संबंधित था।
विजय ने अपने पत्र में कहा कि मैं तमिलनाडु विधानसभा द्वारा पारित प्रस्ताव की एक प्रति संलग्न कर रहा हूँ। मेरा आपसे विनम्र अनुरोध है कि आप तमिलनाडु विधानसभा द्वारा पारित प्रस्ताव पर विचार करें और इस संबंध में आवश्यक संवैधानिक संशोधन लाएँ। विधानसभा में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। चिंता यह थी कि अगर आर्टिकल 81(2)(a) के तहत सीट बंटवारे के मौजूदा नियमों को अगली जनगणना के बाद लागू किया गया, तो दक्षिणी राज्यों का संसदीय प्रतिनिधित्व कम हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि तमिलनाडु में पहले भी संसदीय प्रतिनिधित्व में कमी आई थी, जब 1967 में लोकसभा सीटों की संख्या 41 से घटाकर 39 कर दी गई थी। इस प्रस्ताव को मुख्य विपक्षी पार्टी DMK के साथ-साथ सत्ताधारी TVK के सहयोगियों CPI और CPI(M) का भी समर्थन मिला। विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी ने परिसीमन के मुद्दे पर तमिलनाडु के हितों की रक्षा के लिए पिछले कुछ वर्षों में लगातार अहम पहल की है।
देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।