By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
युवा ओलंपिक खेलों की रजत पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी पात्री ने मंगलवार को मिस्र की दोहा हानी को हराकर सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के मुख्य ड्रॉ में जगह बना ली। ओडिशा की इस किशोर खिलाड़ी ने महिला एकल क्वालीफाइंग मुकाबले में हानी को सीधे गेमों में 21-7, 21-11 से शिकस्त दी। तन्वी ने पिछले महीने डकार युवा ओलंपिक में महिला एकल का रजत पदक जीता था।
अब मुख्य ड्रॉ के पहले दौर में उनका सामना इंडोनेशिया की नी कडेक धिंदा अमर्त्य प्रतिवी से होगा। तन्वी ने सितंबर में चेंगदू में आयोजित बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप में अंडर-17 बालिका एकल का खिताब जीता था। इससे पहले अगस्त में इंडोनेशिया में पॉलीट्रॉन पोंटियानक इंटरनेशनल चैलेंज जीतकर उन्होंने अपना पहला सीनियर अंतरराष्ट्रीय खिताब भी हासिल किया था।
पुरुष युगल में तीसरी वरीयता प्राप्त हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन ने दूसरे गेम में हार के बाद शानदार वापसी करते हुए हमवतन अभिनाश मोहंती और आयुष पटनायक को 21-13, 21-23, 21-9 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। साई प्रतीक के और रुबन कुमार रेतिनासाबापति ने उलटफेर करते हुए इंग्लैंड के आठवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स ग्रीन और जैक रस को 17-21, 22-20, 21-19 से मात दी। कृष्ण प्रसाद गरगा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय को फ्रांस के मैल कैटोएन और लुकास रेनोइर से 21-23, 21-18, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा।
विप्लव और विराज कुवले की जोड़ी भी थाईलैंड के सातवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों से 18-21, 14-21 से हार गई। अच्युतादित्य राव दोड्डावरपु और पोचाना अर्जुन रेड्डी को चीनी ताइपे के पांचवीं वरीयता प्राप्त चेन चेंग कुआन और लियू कुआंग हेंग ने 21-7, 21-10 से हराया। प्रिया कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा ने साक्षी गहलावत और दिव्या आर. बालासुब्रमण्यम को 21-10, 21-7 से हराया।
श्रेया बालाजी और प्रणवी नटराजन ने हृषा दुबे और मेहरीन रिजा को 21-12, 21-11 से मात दी। समृद्धि सिंह और अमोलिका सिंह सिसोदिया ने नयना एस. ओएसिस और वर्षिणी विश्वनाथ श्री को 21-13, 21-11 से हराया। अदिति भट्ट और श्रवणी वालेकर ने सोनाली सिंह और रितिका ठाकर को 21-15, 18-21, 21-11 से शिकस्त दी।
मान्या रहलान और रेशिका उथायसूरियन ने गायत्री रावत और मानसा रावत को कड़े मुकाबले में 21-13, 21-23, 21-19 से पराजित किया।