By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
भारतीय महिला हॉकी टीम ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलवार को ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन को 6 . 2 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन के खिलाफ महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत की यह सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम एफआईएच रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंच गई जो अक्टूबर 2003 में रैंकिंग शुरू होने के बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
मौजूदा चैंपियन भारत की ओर से दीपिका ने शानदार हैट्रिक लगाई। भारत पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है। दीपिका ने मैच के पहले, छठे और 14वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की।
उनके अलावा लालरेमसियामी ने 19वें, नेहा ने 22वें और साक्षी राणा ने 38वें मिनट में गोल दागा। चीन की ओर से फेंग किंगमियाओ ने 15वें और चेन टोंग ने 34वें मिनट में गोल किए, लेकिन भारतीय टीम की आक्रामकता के सामने उसकी एक नहीं चली। भारत ने हाल ही में जापान में हुए एशियाई खेलों के फाइनल में भी चीन को 1-0 से हराकर खिताब जीता था।
भारत और जापान दोनों के चार-चार मैचों में 12-12 अंक हैं और वे अंक तालिका में शीर्ष पर हैं। दोनों टीमों के बीच बुधवार को राउंड रॉबिन चरण का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शीर्ष स्थान की दौड़ के लिहाज से अहम होगा।
भारत ने काफी आक्रामक शुरूआत की और पहले ही मिनट में दीपिका ने रिवर्स हिट पर गोल दागा। भारतीय टीम ने लगातार चीन के गोल पर हमले बोलना जारी रखा और अधिकांश मूव बायें फ्लैंक से बने। नेहा ने छठे मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर दिलाया जिसे दीपिका ने गोल में बदला।
उन्होंने 14वें मिनट में तीसरा गोल करके हैट्रिक पूरी की। इस बीच चीन के लिये पलटवार में फेंग किंगमियाओ ने अगले मिनट गोल किया। दूसरे क्वार्टर में रूतुजा भोसले और नवनीत कौर के शानदार मूव पर लालरेम्सियामी को गोल के सामने गेंद मिली जिन्होंने 19वें मिनट में भारत के लिये चौथा गोल किया।
नेहा ने 22वें मिनट में रिवर्स फ्लिक पर गोल करके स्कोर 5 . 1 कर दिया। युवा साक्षी राणा ने 38वें मिनट में छठा गोल दागा। चीन ने एक और गोल किया लेकिन अंतर इतना अधिक था कि भारत की जीत तय थी।
इससे पहले दक्षिण कोरिया ने थाईलैंड को 1 . 0 से हराया जबकि जापान ने मलेशिया पर 3 . 1 से जीत दर्ज की।