Tata Motors की Iveco अधिग्रहण बोली को मिली 89.42 प्रतिशत हिस्सेदारी की मंजूरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026

टाटा मोटर्स की इतालवी वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता कंपनी इवेको ग्रुप के अधिग्रहण के लिए पेशकश एक अहम पड़ाव पार कर गई है। अस्थायी नतीजों के अनुसार, कंपनी के पास मौजूद शेयर को छोड़कर पेशकशकर्ता के पास कंपनी की 89.42 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जो संशोधित 80 प्रतिशत की न्यूनतम सीमा से अधिक है। शेयर बाजार को दी सूचना के अनुसार, 26 अक्टूबर को समाप्त हुई पेशकश अवधि के दौरान इवेको ग्रुप के 23.816 करोड़ साधारण शेयर की पेशकश की गई, जो इवेको की कुल साधारण शेयर पूंजी का करीब 87.81 प्रतिशत हैं।

टाटा मोटर्स ने 2025 में टीएमएल सीवी होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के जरिये इवेको का अधिग्रहण करने की योजना की घोषणा की थी। इस सौदे में इवेको का रक्षा कारोबार शामिल नहीं है और इसका मूल्य लगभग 3.8 अरब यूरो (करीब 38,240 करोड़ रुपये) है। इस अधिग्रहण का उद्देश्य इवेको के स्थापित परिचालन और उत्पाद पोर्टफोलियो के जरिये वैश्विक वाणिज्यिक वाहन बाजार में टाटा मोटर्स की मौजूदगी का विस्तार करना है।

नियामकीय सूचना में कहा गया कि अस्थायी नतीजों के आधार पर पेशकशकर्ता ने संशोधित न्यूनतम सीमा की शर्त पूरी कर ली है। पेशकश के अंतिम नतीजे 29 अक्टूबर तक घोषित किए जाने हैं। यह पेशकश टीएमएल सीवी होल्डिंग्स बीवी की ओर से की जा रही है।

यह टीएमएल सीवी होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है, जो स्वयं टाटा मोटर्स के वाणिज्यिक वाहन कारोबार की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है। शुरुआती स्वीकृति अवधि के दौरान पेशकश किए गए 23.816 करोड़ शेयरों के लिए कुल भुगतान राशि 3.43 अरब यूरो बैठती है। इन शेयर के लिए भुगतान 30 अक्टूबर को किया जाना है।

इसी समय शेयर का स्वामित्व पेशकशकर्ता को हस्तांतरित किया जाएगा।

प्रमुख खबरें

पेट्रोल में Ethanol सम्मिश्रण 20 फीसदी से आगे नहीं बढ़ाएगा केंद्र, Hardeep Singh Puri ने दी जानकारी

CEC Gyanesh Kumar निलंबन मामला, Supreme Court ने याचिकाकर्ता को अपना पक्ष रखने के लिए दिया 10 दिन का समय

पत्रकार Siddiq Kappan के पासपोर्ट मामले में Supreme Court में सुनवाई 2 नवंबर तक टली

Kriti Sanon और Varun Dhawan, Curry Baker की ब्लॉकबस्टर हॉरर फिल्म Obsession का हिस्सा, जानें क्या है भेड़िया 2 के भ्रम के बीच का असली ट्विस्ट