By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 28, 2026
टाटा संस ने शनिवार को बंबई उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में कैविएट दाखिल की है, ताकि यदि दो टाटा ट्रस्ट अपील दायर करते हैं तो उसका पक्ष भी सुना जा सके। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट को शुक्रवार को बंबई उच्च न्यायालय से कोई राहत नहीं मिल सकी। अदालत ने कहा था कि वह टाटा संस की 30 नवंबर की निदेशक मंडल बैठक को स्थगित करने या उस पर रोक लगाने का कोई आदेश पारित नहीं करेगी। कैविएट एक तरह का कानूनी सुरक्षा कवच है, जो किसी पक्ष की गैर-मौजूदगी में अदालत को उसके खिलाफ कोई अंतरिम या स्थगन आदेश देने से रोकता है।
दोनों ट्रस्ट ने बैठक को स्थगित करने और/या चंद्रशेखरन को अपने निर्णायक मत का प्रयोग करने से रोकने का आदेश देने की मांग की थी। मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति के अनुसार, 27 नवंबर, 2026 के आदेश के संबंध में टाटा संस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बंबई उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में कैविएट दाखिल की गई है। दोनों टाटा ट्रस्ट अपील के लिए अदालतों का रुख कर सकते हैं, और यह कैविएट टाटा संस को इस मामले में अपना पक्ष रखने में मदद करेगी।
बंबई उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अभय आहूजा की पीठ ने शुक्रवार को दोनों टाटा ट्रस्ट को कोई तत्काल राहत नहीं दी और कहा कि बैठक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हो सकती है, लेकिन यह अदालत के अंतिम आदेशों के अधीन होगी। टाटा ट्रस्ट ने बैठक को स्थगित करने या उस पर रोक लगाने, अथवा यह आदेश देने की मांग की थी कि चेयरमैन को अपने निर्णायक मत का प्रयोग करने की अनुमति न दी जाए।
पीठ ने टाटा संस और मामले के अन्य प्रतिवादियों, जिनमें निदेशक मंडल के सदस्य भी शामिल हैं, को बृहस्पतिवार (26 नवंबर) को दायर किए गए दो मुकदमों पर अपने जवाबी हलफनामे दाखिल करने का आदेश दिया और मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी, 2027 के लिए निर्धारित की।