Tata Steel खरीदेगी APL Apollo में 26.6 फीसदी प्रमोटर हिस्सेदारी, 15510 करोड़ में हुआ सौदा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

टाटा स्टील ने सोमवार को कहा कि उसने एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में प्रवर्तकों की पूरी 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,100 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 15,510 करोड़ रुपये में खरीदने के लिए एक समझौता किया है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि एक विशेष अनुबंध के लिए यह समझौता टाटा स्टील और एपीएल अपोलो के प्रवर्तक समूह से जुड़ी कंपनी एसजी टेक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड (एसजी स्पेक्ट्रा) के बीच किया गया है। इसके बाद, टाटा स्टील एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए 2,301.40 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खुली पेशकश भी लाएगी, जिसकी कुल कीमत 16,756 करोड़ रुपये होगी।

बयान के अनुसार यह सौदा नियामकीय मंजूरियों के अधीन है। टाटा स्टील को आने वाले महीनों में ये मंजूरियां मिलने और वित्त वर्ष 2026-27 के भीतर सौदे को पूरा करने की उम्मीद है। टाटा स्टील को एपीएल अपोलो के जरिये स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों के क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

नई इकाई एपीएल अपोलो ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड 2035 तक 1.55 करोड़ टन सालाना क्षमता तैयार करेगी, जिसमें 90 लाख टन सालाना स्टील ट्यूब और 65 लाख टन सालाना कलर कोटेड उत्पाद शामिल होंगे। बयान में कहा गया कि एपीएल अपोलो ट्यूब्स के साथ जुड़ने से दोनों कंपनियों की संयुक्त ताकत सामने आएगी, क्षमता का बेहतर इस्तेमाल होगा, मूल्य सृजन होगा और मुनाफा बढ़ेगा। टाटा स्टील के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) टी वी नरेंद्रन ने कहा, हमें एपीएल अपोलो और इसके प्रवर्तकों के साथ एक व्यापक समझौता करके बेहद खुशी हो रही है।

हम बढ़ते भारतीय बाजार की जरूरतों को पूरा करने के लिए भविष्य का एक मजबूत विस्तार केंद्र बना रहे हैं, जिसकी पहचान बाजार में फुर्ती, मजबूत वृद्धि दर और मानक पूंजीगत तथा परिचालन व्यय ढांचा है। उन्होंने कहा, इससे बेहतर ग्राहक सेवा, पूरे भारत में पहुंच और संपूर्ण उत्पाद पोर्टफोलियो के जरिये सभी हितधारकों के लिए मूल्य तैयार होगा। हम इस रोमांचक सफर में अपने साझेदारों के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं।

टाटा स्टील के कार्यकारी निदेशक (ईडी) और मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) कौशिक चटर्जी ने कहा, हमने पिछले एक साल में मूल्य-वर्धित क्षेत्र में आक्रामक रूप से बढ़ने और आंतरिक तथा बाहरी दोनों तरीकों से अपने दायरे का विस्तार करने पर जोर दिया है। टिन प्लेट और हॉट-रोल्ड, पिकल्ड व गैल्वनाइज्ड लाइनों जैसे मूल्य-वर्धित खंडों में हमारी कई परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, लेकिन एपीएल अपोलो ने हमारे सामने एक अनूठा अवसर पेश किया है।

प्रमुख खबरें

Kartik Purnima पर लखवरी दीपक जलाने से मिलता है एक लाख दीपदान का पुण्य

Sensex 244 अंक लुढ़का, वैश्विक दबाव और मुनाफावसूली से Nifty भी फिसला

संसद सत्र की तारीखों में देरी पर Congress का हमला, Jairam Ramesh बोले- सरकार बना रही खतरनाक योजना

शेयर बाजार में बिकवाली से Rupee फिसला, US Dollar के मुकाबले 23 पैसे कमजोर