यूरोप की टेक दिग्गज SAP पर Cyber Attack, हैकरों ने Source Code में सेंधमारी की कोशिश की

By Ankit Singh | Nov 27, 2026

दुनिया भर में साइबर हमलों की बढ़ती घटनाओं के बीच यूरोप की सबसे मूल्यवान प्रौद्योगिकी कंपनी एसएपी भी हैकरों के निशाने पर आ गई है। कंपनी पर इसी सप्ताह साइबर हमला हुआ है, जिसे एसएपी ने आंतरिक रूप से 'प्रोजेक्ट ग्रेनाइट' नाम दिया है। इस हमले को लेकर चिंता इसलिए बढ़ गई है, क्योंकि आशंका जताई जा रही है कि हैकर कंपनी के स्रोत कोड तक पहुंचने में सफल रहे हैं। हालांकि, एसएपी ने साफ किया है कि उसके ग्राहकों का कारोबारी डेटा सुरक्षित है और अब तक इसके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ का सबूत नहीं मिला है।

जर्मनी के समाचार संस्थान डेर श्पीगल ने सबसे पहले इस साइबर हमले की जानकारी दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, एसएपी ने इसी सप्ताह अपने कर्मचारियों को एक आंतरिक पत्र भेजकर सक्रिय सुरक्षा घटना के बारे में बताया था। हालांकि, कंपनी ने इस पत्र में हमले के तरीके और उससे हुए संभावित नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी थी। कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिया गया था कि इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी कंपनी के बाहर साझा न करें।

बाद में एसएपी ने डेर श्पीगल के सामने साइबर हमले की पुष्टि की। कंपनी ने बताया कि ग्राहकों की सुरक्षा और अपनी सेवाओं को सुरक्षित रखने के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाए गए हैं। एसएपी के अनुसार, अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह पता चले कि हैकरों ने ग्राहकों के कारोबारी डेटा तक अनधिकृत पहुंच बनाई है। कंपनी ने कर्मचारियों को भी भरोसा दिलाया था कि ग्राहकों से संपर्क करने की जरूरत नहीं है।

रिपोर्ट में हमले के संभावित तरीके को लेकर भी जानकारी दी गई है। बताया जा रहा है कि हैकरों ने गिटहब पर एसएपी कर्मचारियों के प्रमाणीकरण टोकन को निशाना बनाया। इसके लिए एआई से चलने वाले स्वचालित उपकरणों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। गिटहब एक ऐसा ऑनलाइन मंच है, जहां सॉफ्टवेयर बनाने वाले लोग अपना प्रोग्राम कोड सुरक्षित रखते हैं और मिलकर उस पर काम करते हैं।

एक सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हमलावर कर्मचारियों के प्रमाणीकरण टोकन चुराने में सफल रहे। इससे उन्हें गिटहब पर मौजूद एसएपी के स्रोत कोड तक पहुंचने, उसकी नकल करने या उसमें बदलाव करने का मौका मिल सकता था। हालांकि, इस दावे की पूरी पुष्टि अभी नहीं हुई है। एसएपी ने भी स्रोत कोड चोरी होने की बात सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं की है।

गौरतलब है कि यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब एसएपी दुनिया भर में करीब 10,000 कर्मचारियों की छंटनी की योजना पर काम कर रही है। कंपनी एआई और नई तकनीकों में निवेश बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

इस महीने कई बड़ी संस्थाएं साइबर हमलों और तकनीकी गड़बड़ियों का सामना कर चुकी हैं। फीफा और अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के सार्वजनिक जानकारी मंच पर भी हमले की खबरें सामने आई हैं। वहीं, हालिया आंकड़ों के मुताबिक, दो अलग-अलग मामलों में 3.5 अरब से ज्यादा रिकॉर्ड लीक होने की आशंका जताई गई है। भारत में भारतीय स्टेट बैंक जैसे बड़े संस्थानों को लेकर भी साइबर हमलों की खबरें चर्चा में रही हैं। पिछले महीने दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो मुद्रा कारोबार मंच बाइनेंस को हुए हमले में 6.3 अरब डॉलर के नुकसान की खबर ने भी चिंता बढ़ाई थी।

साइबर सुरक्षा से जुड़े विशेषज्ञों की चिंता अब इस बात को लेकर भी बढ़ रही है कि हैकर हमलों को अंजाम देने के लिए एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। गूगल थ्रेट इंटेलिजेंस ग्रुप ने हाल ही में ऐसे एआई ढांचे का पता लगाने की जानकारी दी थी, जो बिना इंसानी मदद के साइबर हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में सक्षम बनाया गया था। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट ने चीन से जुड़े हैकर समूहों द्वारा ऐसी तकनीक के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी है। ऐसे में एसएपी पर हुआ हमला दुनिया भर की कंपनियों के लिए एक और सुरक्षा चेतावनी माना जा रहा है।

प्रमुख खबरें

Cabinet ने परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक को दी मंजूरी, 50 प्रतिशत बढ़ेंगी सीटें

पांच राज्यों के 2027 चुनाव के लिए BJP की रणनीति तैयार, PM Modi और Amit Shah संभालेंगे कमान

Fertiliser Subsidy बिल 1.71 लाख करोड़ रुपये के बजट अनुमान से अधिक रहने के आसार: रजत कुमार मिश्रा

उत्तराखंड में घरों में दुर्घटनावश लगी आग को भी माना जाएगा आपदा, Pushkar Singh Dhami का ऐलान