By अंकित सिंह | May 13, 2023
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस को जबरदस्त बहुमत हासिल हुई है। कांग्रेस ने 136 सीटों पर जीत हासिल की है। इसके बाद देश में कांग्रेस की स्थिति मजबूत हुई है जिसका फायदा उसे विपक्षी गठबंधन में भी मिलेगा। कांग्रेस की जीत को लेकर कई विपक्षी दलों ने स्वागत किया है। बिहार के उप मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हम कर्नाटक की जनता को बधाई देना चाहेंगे उन्होंने जिस सरकार को चुना वह देश के हालात को देखते हुए चुना। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमने तो कल ही कह दिया था कि बजरंग बली भाजपा से नाराज़ हैं।
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि आज का दिन एक ऐतिहासिक अवसर है। कर्नाटक ने इतिहास रच दिया है। कर्नाटक ने न केवल लोगों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए, लोकतंत्र के लिए एक नया जीवन दिखाया है। NC नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि कर्नाटक की आवाम को मुबारकबाद देता हूं। उन्होंने नफरत की सियासत को ठुकरा दिया और मोहब्बत की सियासत को अपनाया है। श्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यह 2024 की शुरूआत है, उत्तर प्रदेश और गुजरात में भाजपा की सरकार है। उत्तर प्रदेश में भाजपा है लेकिन अखिलेश अच्छा करेंगे मैं उनके साथ हूं। अगर आप साउथ से शुरूआत करें तो कर्नाटक, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश उसके बाद बंगाल, बिहार, झारखंड फिर महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली इन राज्यों में पहले इनकी सरकार बनने का पीक टाइम रहा लेकिन अब वे(भाजपा) 100 सीटें बी नहीं पार कर पाएंगे। इसका कारण है कि हर कोई एजेंसी का सामना कर रहा है। जो मुजरिम है उन्हें आप उनके ख़िलाफ एक्शन लें।