तेलंगाना भाजपा ने चुनाव लड़ने की आयु घटाने के रेवंत रेड्डी के प्रस्ताव को ध्यान भटकाने की चाल बताया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 27, 2026

हैदराबाद, 27 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने की न्यूनतम आयु 25 वर्ष से घटाकर 21 वर्ष करने के प्रस्ताव को ‘‘लोगोंका ध्यान भटकाने की कोशिश’’ करार दिया। राव ने कहा कि डॉ. बी.आर. आंबेडकर और संविधान निर्माताओं ने सोच-समझकर चुनाव लड़ने की न्यूनतम आयु 25 वर्ष तय की थी, ताकि जनप्रतिनिधियों के पास पर्याप्त अनुभव हो। उन्होंने आरोप लगाया कि रेवंत रेड्डी युवाओं से किए गए वादे पूरे न कर पाने के कारण अब ‘‘भटकाव की राजनीति’’ कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि ट्यूशन फीस प्रतिपूर्ति योजना के लगभग 20 लाख छात्रपरेशानी झेल रहे हैं क्योंकि बकाया भुगतान न मिलने की वजह से कई कॉलेजों ने छात्रों के शैक्षणिक प्रमाणपत्र रोक रखे हैं। प्रदेश भाजपा प्रमुख ने यह भी दावा किया कि राज्य के 17 सरकारी विश्वविद्यालय धन और शिक्षकों की भारी कमी के कारण गंभीर संकट से गुजर रहे हैं। राव ने कहा कि कांग्रेस के चुनावी वादे, जैसे हर महीने 4,000 रुपये का बेरोजगारी भत्ता, कॉलेज की छात्राओं को मुफ्त स्कूटी, युवा आयोग का गठन तथा निजी क्षेत्र की नौकरियों में स्थानीय लोगों के लिए 75 प्रतिशत आरक्षण, अब तक पूरे नहीं किए गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के विश्वास के कारण भाजपा आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री रेड्डी ने 25 जुलाई को घोषणा की थी कि उनकी सरकार जल्द ही विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर एक प्रस्ताव पारित करेगी, जिसमें केंद्र सरकार से लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने की न्यूनतम आयु 25 वर्ष से घटाकर 21 वर्ष करने का आग्रह किया जाएगा।

प्रमुख खबरें

Asian Games 2026 से बाहर होने पर घुड़सवार Anush Agarwalla ने जताई निराशा

England के खिलाफ टेस्ट में Pakistan पर भारी जुर्माना, Slow Over Rate के कारण 11 WTC Points कटे

Delhi: शाहबाद डेयरी में ई-रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा

Maharashtra Drought: 18 जिलों में सूखे जैसे हालात, कैबिनेट में रिपोर्ट रखेंगे बावनकुले