World Masters Powerlifting: तेलंगाना के 73 वर्षीय DV Shankar Rao ने अमेरिका में जीते दो पदक

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

उम्र और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले तेलंगाना के 73 वर्षीय बैंक अधिकारी डीवी शंकर राव ने अब विश्व मास्टर्स पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में दो पदक अपने नाम किए हैं। 59 वर्ष की उम्र में बाईपास सर्जरी करा चुके शंकर राव ने पिछले साल राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। भद्राचलम के रहने वाले शंकर राव ने रविवार को बताया कि उन्होंने अक्टूबर 2026 में अमेरिका के नेवादा राज्य के रेनो में आयोजित विश्व मास्टर्स पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में ये उपलब्धियां हासिल कीं।

मास्टर्स-4 की 74 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लेते हुए उन्होंने 15 अक्टूबर को क्लासिक डिवीजन में ओवरऑल कांस्य पदक और 22 अक्टूबर को इक्विप्ड डिवीजन में ओवरऑल रजत पदक जीता। शंकर राव ने पीटीआई से कहा, ‘‘73 साल की उम्र में विश्व मंच पर खड़े होकर अपने देश का प्रतिनिधित्व करना और दो अंतरराष्ट्रीय पदक हासिल करना मेरे लिए कभी न भूलने वाला पल था। ’’ उन्होंने बताया कि भद्राचलम के विधायक तेल्लम वेंकट राव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनके इस कारनामे को उनके रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में ‘मजबूत भारत के लिए स्वस्थ बुढ़ापा’ विषय के तहत शामिल करने की सिफारिश की है।

शंकर राव ने यह भी बताया कि उन्होंने इस संबंध में ‘माईगव’ पोर्टल पर भी अपना अनुरोध भेजा है। भारतीय स्टेट बैंक में अधिकारी के रूप में सेवाएं देने वाले शंकर राव जुलाई 2013 में सेवानिवृत्त हुए थे। सितंबर 2012 में 59 साल की उम्र में उनकी कोरोनरी आर्टरी बाईपास सर्जरी हुई थी।

उनका पावरलिफ्टिंग का सफर एक दोस्त की सलाह से शुरू हुआ। दोस्त ने उनके अच्छे शारीरिक गठन को देखते हुए उन्हें जिम में ट्रेनिंग लेने और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। शंकर राव ने फरवरी 2025 में पावरलिफ्टिंग की ट्रेनिंग शुरू की।

उसी साल केरलम के कोझिकोड में पावरलिफ्टिंग इंडिया के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने चार स्वर्ण पदक जीते। शंकर राव का अगला लक्ष्य विश्व मास्टर्स पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना है।

प्रमुख खबरें

Starshield पाबंदियों से रूसी ड्रोन रोकना हुआ मुश्किल, Zelensky ने जताई ऊर्जा संकट की चिंता

ICC का बड़ा फैसला: भारत करेगा 2029 Champions Trophy और 2031 World Cup की मेजबानी

Kaziranga Road Accident: जोरहाट अस्पताल में 16 घायलों का इलाज जारी, तीन वेंटिलेटर पर

Revanth Reddy ने PM Modi से की मुलाकात, तेलंगाना की सिंचाई परियोजनाओं के लिए मांगी मंजूरी