By रेनू तिवारी | May 04, 2026
राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में रविवार रात मौसम ने करवट ली। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने दिल्लीवासियों को तपती गर्मी से बड़ी राहत दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इस बेमौसम बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिल्ली की सुबह काफी ठंडी रही। आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के अलग-अलग मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे चला गया है।
आईएमडी के अनुसार, लोदी रोड में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है और आयानगर में 19 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। दिल्ली के कई इलाकों में देर रात से लेकर सुबह तक भारी बारिश हुई। सफदरजंग में सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से पिछले 24 घंटे में लगभग 5.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पालम में भी लगभग 5.7 मिमी बारिश हुई।
अन्य केंद्रों की बात करें तो अयानगर में सबसे अधिक 13 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, उसके बाद लोदी रोड और रिज में चार-चार मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान के 31-33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 106 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।