By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 23, 2017
लंदन। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने ब्रिटेन में संसद परिसर के निकट हुये आतंकवादी हमले को आज लोकतांत्रिक मूल्यों पर ‘‘घृणित और अनैतिक’’ हमला करार दिया। आतंकवादी हमले में पांच लोगों की मौत हो है और 40 अन्य घायल हो गये हैं। डाउनिंग स्ट्रीट पर एक आपातकालीन कोबरा बैठक की अध्यक्षता करने के बाद, ब्रिटेन की प्रधानमंत्री ने इस बात की पुष्टि की कि हमले को एक ही व्यक्ति द्वारा अंजाम दिया गया था जिसने वेस्टमिंस्टर ब्रिज पर अपने वाहन से पैदल चल रहे कई लोगों को कुचल दिया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन पुलिस अधिकारियों समेत कई घायल हो गये।
मे ने शहर के सुरक्षा बलों की ‘‘असाधारण बहादुरी’’ की प्रशंसा करते हुये कहा, ‘‘आज एक बार फिर इन असाधारण पुरूषों और महिलाओं ने खतरों का सामना किया और अन्य लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया। पूरे देश की तरफ से, मैं उनका आभार प्रकट करना चाहती हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवादियों ने शहर में ऐसी जगह को हमले के लिए चुना जहां सभी देशों, धर्मों और संस्कृतियों के लोग साथ मिलकर स्वतंत्रता, लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जैसे मूल्यों का जश्न मनाने आते हैं।’’ मे ने कहा कि हिंसा और आतंक के माध्यम से इन मूल्यों को हराने के किसी भी प्रयास का असफल होना निश्चित है। उन्होंने घोषणा की कि गुरुवार को ‘‘सामान्य रूप से’’ संसद की बैठक होगी। उन्होंने कहा, ‘‘लंदन में रहने वाले लोग और दुनिया भर से इस महान शहर की यात्रा करने आये लोग हर रोज की तरह अपना दिन बिताएंगे...आतंकवाद से कभी भी हार नहीं मानें। नफरत और बुराई को हमें अलग करने की अनुमति नहीं दें।’’
इस बीच, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री मैलकम टर्नबुल ने इस आतंकवादी हमले की आज कड़ी निंदा करते हुये इसे ‘‘हर जगह की संसदों, स्वतंत्रता और लोकतंत्र पर एक हमला’’ बताया। टर्नबुल ने एक बयान में कहा, ''ब्रिटेन के लोगों के साथ आस्ट्रेलिया की पूरी सहानुभूति और एकजुटता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिटेन की संसद पर हमला हर जगह की संसद, स्वतंत्रता और लोकतंत्र पर हमला है।’’