By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 18, 2026
हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की गुरुग्राम इकाई ने रविवार को सुशांत लोक इलाके में एक रिहायशी परिसर में छापेमारी के दौरान थाईलैंड की एक महिला के पास से लगभग 14 ग्राम एमडीएमए बरामद करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कथित तौर पर प्रतिबंधित वस्तु एक थैले में छिपाकर रखी गई थी, जिसे एक एलईडी टेलीविजन के पीछे रखा गया था।
उन्होंने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर, एक टीम ने चिह्नित जगह पर छापा मारा और महिला को पकड़ लिया। अधिकारियों के अनुसार, महिला ने अपनी पहचान थाईलैंड की नागरिक वानविसा संसरन के रूप में बताई। उन्होंने बताया कि महिला भारत में टूरिस्ट वीज़ा पर आई थी, जिसकी समय-सीमा कथित तौर पर 2025 में समाप्त हो गई थी।
उन्होंने बताया कि जांचकर्ता भारत में उसके रूके रहने की परिस्थितियों, उसके वर्तमान पते और उसकी गतिविधियों की जांच कर रहे हैं। एचएसएनसीबी के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) राजेंद्र कुमार मीणा ने कहा, ‘‘सुशांत लोक पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जब्त किए गए पदार्थ के स्रोत का पता लगाने और इसमें अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की जांच करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।’’