By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 08, 2025
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से संगठन मजूबत होता है और इसकी बदौलत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2028 के विधानसभा चुनाव में फिर से राज्य में सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी भाजपा राज्य मुख्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों की पहली बैठक को संबोधित करते हुए की।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ आपसी समन्वय बनाकर टीम भावना के साथ कार्य करें तथा पदाधिकारियों की निर्णय क्षमता ऐसी होनी चाहिए जो जनता के कल्याण में सहायक सिद्ध हो।
आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जोड़ना अत्यंत आवश्यक है और यह सतत प्रक्रिया है। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने की।
बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों का परिचय, संगठन की मजबूती तथा सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। मदन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनहितैषी और लोक कल्याणकारी नीतियों पर उत्कृष्ट काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं व युवाओं सहित समाज के हर वर्ग के लिए नई योजनाएं शुरू कर रही है।
राठौड़ ने पदाधिकारियों से अपील की कि कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और मिथ्या प्रचार का तथ्यों के साथ मुकाबला करें, क्योंकि कांग्रेसी नेता असत्य का सहारा लेकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।