फरार विधायक अनंत सिंह ने वीडियो जारी कर कहा, तीन-चार दिन में कर दूंगा आत्मसमर्पण

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 19, 2019

पटना। घर से एके-47 राइफल और ग्रेनेड बरामद होने के बाद फरार हुए मोकामा से बाहुबली निर्दलीय विधायक अनंत सिंह ने वीडियो जारी कर कहा है कि वह गिरफ्तारी से नहीं डरते और अगले तीन-चार दिन में अदालत में आत्मसमर्पण कर देंगे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पटना जिले के बाढ अनुमंडल के लदमा गांव स्थित अनंत के पैतृक आवास पर छापेमारी कर एक एके-47 राइफल, एक मैगजीन, कुछ कारतूस और दो ग्रेनेड बरामद किए थे। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कांतेश कुमार मिश्र ने 17 अगस्त को बताया था कि आधुनिक हथियार और अग्नेयास्त्र बरामद होने के मद्देनजर अनंत सिंह के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) कानून (यूएपीए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। फरार अनंत सिंह ने वीडियो जारी कर कहा, ‘‘मैं गिरफ्तारी से नहीं डरता। मेरा एक दोस्त बीमार है जिसे देखने मैं आया हूं। तीन-चार दिन लगेंगे। यहां से जाने पर चौथे दिन पटना शहर स्थित अपने आवास पर मीडियाकर्मियों से बातचीत करूंगा और अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दूंगा।

इसे भी पढ़ें: फ्रांस, UAE और बहरीन की यात्रा पर 22 अगस्त को जायेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

उन्होंने अपने घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस द्वारा तोड़फोड किए जाने का आरोप लगाते हुए 17 अगस्त को कहा था कि छापेमारी की उन्हें सूचना नहीं दी गयी और इस बारे में उन्हें गांव के अन्य लोगों से जानकारी मिली। पुलिस ने अनंत सिंह के आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि उनके घर पर छापेमारी दंडाधिकारी की उपस्थिति में कानून के अनुसार करने के साथ ही पूरी कवायद की वीडियोग्राफी कराई गई है। अनंत सिंह की पत्नी एवं कांग्रेस प्रत्याशी नीलम देवी ने ललन सिंह के खिलाफ मुंगेर लोकसभा सीट से हाल में लोकसभा चुनाव लड़ा था, पर पराजित रही थीं। ‘छोटे सरकार’ उपनाम से जाने जाने वाले सिंह का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। जदयू से निष्कासित कर दिए जाने पर अनंत ने 2015 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और विजयी रहे थे।

प्रमुख खबरें

IIT Bombay पहुंचे Ramdas Athawale, प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला पर कार्रवाई की उठाई मांग

Juhu में एक लड़की को देखकर क्यों बेचैन हो गई थीं Tillotama Shome? पोस्ट में बताया पूरा अनुभव

Vitamin C से भरपूर Orange Peel Scrub से दूर होगी Dry Skin, चेहरा बनेगा सॉफ्ट और ग्लोइंग

Asian Games 2026 | Satwiksairaj Rankireddy और Chirag Shetty की चौंकाने वाली हार से बिगड़ा भारत का गणित, हाथ से निकले कई गोल्ड मेडल