रूस और यूक्रेन के बीच कैदियों की हालिया अदला-बदली में दोनों ओर के कई सैनिक रिहा

By Prabhasakshi News Desk | Dec 31, 2024

कीव । रूस और यूक्रेन ने युद्धबंदियों की अदला-बदली की है जिसमें सैकड़ों कैदियों को रिहा किया गया है। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि कैदियों की अदला-बदली का यह समझौता संयुक्त अरब अमीरात की मदद से किया गया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि कैदियों की अदला-बदली में सैन्यकर्मी, सीमा रक्षक और राष्ट्रीय रक्षक तथा दो नागरिकों सहित कुल 189 यूक्रेनी कैदियों को रिहा किया गया है। उन्होंने अदला-बदली में मदद के लिए यूएई को धन्यवाद दिया।

ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूसी कैद से मुक्त हुए लोगों में ओडेसा के काला सागर बंदरगाह के पास स्नेक द्वीप के रक्षक शामिल थे, जिस पर रूस ने अपने आक्रमण के शुरुआती दिनों में कब्ज़ा कर लिया था। साथ ही इनमें वे सैनिक भी शामिल थे जिन्होंने मारियुपोल शहर की रक्षा की थी। मारियुपोल शहर पर लगभग तीन महीने की घेराबंदी के बाद युद्ध के आरंभ में मास्को की सेना ने कब्ज़ा कर लिया था। ज़ेलेंस्की ने कहा, ‘‘रूसी कैद से हमारे लोगों की वापसी हम सभी के लिए हमेशा बहुत अच्छी खबर होती है। आज हमारी टीम 189 यूक्रेनी लोगों को घर वापस लाने में कामयाब रही।’’

मॉस्को में, रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी सैनिकों को पहले रूस के पड़ोसी और सहयोगी बेलारूस के क्षेत्र में ले जाया गया, जहाँ उन्हें रूस जाने से पहले ‘‘मनोवैज्ञानिक और चिकित्सा सहायता’’ दी गयी। रूस और यूक्रेन ने लगभग तीन साल के युद्ध के दौरान दर्जनों बार इस प्रकार कैदियों का आदान-प्रदान किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सोमवार को ही घोषणा की कि उनका देश यूक्रेन को लगभग 2.5 अरब अमेरिकी डॉलर के अतिरिक्त हथियार भेजेगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्रपति पद का प्रभार ग्रहण करने से पहले कीव को रूस से लड़ने में मदद करने के लिए अपने पास उपलब्ध सारे धन को खर्च करने के लिए तेज़ी से काम कर रहा है।

प्रमुख खबरें

Maharashtra में सूखे से Sugar Production 20 फीसदी घटने का अनुमान: WISMA

28 से 30 सितंबर तक Nationwide Bank Strike, SBI ग्राहकों को समय पर काम निपटाने की सलाह

US Dollar के मुकाबले रुपया 18 पैसे सुधरकर 95.78 के स्तर पर बंद हुआ

Pakistan: PTI के प्रदर्शन से पहले Imran Khan की दो और बहनें हिरासत में, कोट लखपत जेल भेजी गईं