Uttar Pradesh : पांचवें चरण में पांच केंद्रीय मंत्रियों, कांग्रेस नेता Rahul Gandhi की प्रतिष्ठा दांव पर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 19, 2024

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह व स्मृति ईरानी समेत जहां पांच केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी भी मतदाताओं की कसौटी पर होंगे। उत्तर प्रदेश में पांचवें चरण में 14 लोकसभा सीटों और एक विधानसभा सीट पर उप चुनाव के लिए सोमवार को मतदान होगा। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह-लखनऊ, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी-अमेठी, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर-मोहनलालगंज, केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा-जालौन, केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति-फतेहपुर लोकसभा सीट पर चुनावी मुकाबले में हैं। 

पांचवें चरण में 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मोहनलालगंज (आरक्षित), लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन (आरक्षित), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (आरक्षित), बाराबंकी (आरक्षित), फैजाबाद, कैसरगंज, गोंडा लोकसभा सीटें आती हैं। इसमें से 10 सीटें सामान्य श्रेणी की हैं और चार सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। रिणवा ने बताया कि पांचवे चरण में 144 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, लखनऊ जिले की लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।दो करोड़ 68 लाख से अधिक मतदाता इन उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। इस चरण में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से कांग्रेस ने रायबरेली में गांधी के अलावा अमेठी से केएल शर्मा, बाराबंकी (आरक्षित) से तनुज पुनिया और झांसी से प्रदीप जैन आदित्य को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, बाकी सीटों पर समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मुकाबला लखनऊ मध्य से मौजूदा सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा से है। अमेठी संसदीय क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव मैदान में हैं, जिन्होंने 2019 में राहुल गांधी को पराजित कर यह सीट जीती थी। ईरानी को टक्‍कर देने के लिए कांग्रेस ने किशोरी लाल शर्मा को मैदान में उतारा है। कैसरगंज लोकसभा सीट पर मुकाबला पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बेटे भाजपा के करण भूषण सिंह और सपा के भगत राम के बीच है वहीं गोंडा में भाजपा के कीर्ति वर्धन सिंह को सपा की श्रेया वर्मा से टक्कर मिल रही है। फैजाबाद (अयोध्या) में भाजपा के लल्‍लू सिंह का मुकाबला सपा के अवधेश प्रसाद से है। 

इसे भी पढ़ें: JDS सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ विशेष अदालत ने गिरफ्तारी वारंट किया जारी

हमीरपुर में भाजपा से तीसरी बार किस्मत आजमा रहे मौजूदा सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल की राह रोकने के लिए सपा ने अजेंद्र सिंह लोधी को मैदान में उतारा है। इन सभी सीटों पर बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार भी मुकाबले में टक्‍कर दे रहे हैं। बांदा में मुख्य चुनावी मुकाबला तीसरी बार चुनाव लड़ रहे आरके सिंह पटेल और सपा की कृष्णा देवी पटेल के बीच है। लोकसभा जीत की हैट्रिक पर नजर गड़ाए विनोद कुमार सोनकर का मुकाबला कौशांबी (आरक्षित) सीट पर सपा नेता इंद्रजीत सरोज के बेटे पुष्पेंद्र सरोज से है। लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट के लिए कल उपचुनाव होगा। नौ नवंबर 2023 को विधायक आशुतोष टंडन के निधन से यह सीट रिक्त हुई है।

प्रमुख खबरें

Election Commission के स्पष्टीकरण से NDA सहयोगियों की चिंता दूर, चिराग और नायडू ने किया समर्थन

Rajasthan में Congress MLA Chetan Patel पर FIR दर्ज, Tika Ram Jully ने BJP सरकार को घेरा

UP में भारी बारिश और बाढ़ पीड़ितों को तत्काल मिले मुआवजा, CM Yogi Adityanath का आदेश

UP में भारी बारिश के बीच विद्युत आपूर्ति पर UPPCL की सख्त निगरानी, फॉल्ट तुरंत ठीक करने के आदेश