एग्जिट पोल और आम चुनाव के नतीजों से तय होगी शेयर बाजार की दिशा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 19, 2019

नयी दिल्ली। शेयर बाजारों की दिशा इस सप्ताह एग्जिट पोल और 23 मई को आम चुनावों के नतीजों से तय होगी। इसके अलावा कुछ महत्वपूर्ण कंपनियों के वित्तीय नतीजों का भी बाजार पर असर पड़ सकता है। विश्लेषकों का कहना है कि चुनाव संबंधी घटनाक्रमों से बाजार में उतार-चढ़ाव रह सकता है। एग्जिट पोल के परिणाम 19 मई को आखिरी चरण का मतदान संपन्न होने के साथ आने लगेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतिम चुनाव नतीजों तक शेयर बाजार का रुख असमंजस वाला रह सकता है। 

एपिक रिसर्च के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुस्तफा नदीम ने कहा कि इस सप्ताह एक ऐसा घटनाक्रम है जो दीर्घावधि के लिए बाजार का रुख तय करेगा। इसी से संपत्ति सृजन का रुख तय होगा। चुनाव नतीजे इस तरह के राजनीतिक घटनाक्रम होते हैं जो वर्षों के लिए रुख तय करते हैं। ऐसे में यह अर्थव्यवस्था और निवेशकों की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बाजार में कुछ अधिक उतार-चढ़ाव रह सकता है लेकिन एग्जिट पोल से बाजार को निर्णय करने में कुछ आसानी हो सकती है। 

इसे भी पढ़ें: चुनाव आयोग ने ट्विटर से एक्जिट पोल संबंधी पोस्ट हटाने को कहा: सूत्र

सैमको सिक्योरिटीज एंड स्टॉकनोट के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिमीत मोदी ने कहा कि यह सप्ताह पूरे साल का सबसे महत्वपूर्ण है। लोगों की निगाह ‘स्टॉक कोट’ नहीं ‘वोट कोट’ पर रहेगी। सप्ताह के दौरान कुछ बड़ी कंपनियों मसलन टाटा मोटर्स, केनरा बैंक और सिप्ला के नतीजे आने हैं। ऐसे में तिमाही नतीजे भी बाजार की दिशा तय करेंगे। इसके अलावा कच्चे तेल के दाम, अमेरिका-चीन व्यापार विवाद, रुपये का उतार-चढ़ाव तथा विदेशी कोषों का रुख भी बाजार के लिए महत्वपूर्ण होगा। 

इसे भी पढ़ें: सेंसेक्स 204 अंक टूटा, निफ्टी 11,200 अंक से नीचे आया

बीते सप्ताह बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 467.78 अंक या 1.24 प्रतिशत चढ़ा। शुक्रवार को सेंसेक्स 537.29 अंक या 1.44 प्रतिशत के लाभ से 37,930.77 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 150.05 अंक या 1.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,407.15 अंक पर बंद हुआ। 

प्रमुख खबरें

SEBI Order के खिलाफ SAT पहुंचे Zee Entertainment और Punit Goenka, बुधवार को होगी अहम सुनवाई

Lionel Messi को चैंपियन बनाने वाले पिता Jorge Messi का निधन, दिग्गज Rafael Nadal ने जताया गहरा शोक

Aston Villa छोड़ PSG लौटे Lucas Digne, 11 साल बाद फिर पहनेंगे पेरिस की जर्सी, 2029 तक हुआ Deal साइन

5 साल के फतेह ने Thailand में रचा इतिहास, Gatka on Skates में जीता World Martial Arts Games Gold Medal