यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षाओं के परिणाम शुक्रवार को किए जाएंगे घोषित

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 25, 2025

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपीएमएसपी) शुक्रवार को 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के परिणाम घोषित करेगी और छात्र पहली बार ‘डिजिलॉकर’ पर अपनी डिजिटल ‘मार्कशीट’ प्राप्त कर पाएंगे। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यूपीएमएससी को यूपी बोर्ड भी कहा जाता है।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, कक्षा 10 और 12 के परीक्षा परिणाम डिजिलॉकर की वेबसाइट पर भी देखे जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों कक्षाओं के लिए ‘डिजिलॉकर’ पर डिजिटल मार्कशीट उपलब्ध कराई जाएंगी।

सिंह ने कहा कि मार्कशीट पर डिजिटल रूप से सत्यापित हस्ताक्षर होंगे। उन्होंने कहा कि मार्कशीट की भौतिक प्रतियां भी पहले की तरह स्कूलों के माध्यम से वितरित की जाएंगी। सिंह ने कहा, डिजिलॉकर पर मार्कशीट उपलब्ध होने से छात्रों को अब स्कूलों से उन्हें लेने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे उच्च शिक्षा संस्थानों में दाखिले के लिए डिजिटल मार्कशीट का उपयोग कर सकेंगे।

मार्कशीट डाउनलोड करने के लिए हाई स्कूल के छात्रों को डिजिलॉकर पर अपना रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। इंटरमीडिएट के छात्रों को अपनी डिजिटल मार्कशीट पाने के लिए अपना रोल नंबर और मां का नाम डालना होगा।

यूपी बोर्ड सचिव ने यह भी कहा कि भौतिक मार्कशीट और प्रमाण पत्र न तो फटेंगे और न ही पानी का उनपर कोई असर होगा, जिससे वे अधिक टिकाऊ और सुरक्षित होंगी।

यूपी बोर्ड ने इस साल 24 फरवरी से 12 मार्च, 2025 तक 8,140 केंद्रों पर कक्षा 10 और 12 की परीक्षाएं आयोजित कीं। कुल 25,56,992 छात्रों ने हाईस्कूल जबकि 25,77,733 छात्रों ने इंटरमीडिएट की परीक्षा दी।

प्रमुख खबरें

Iran war Crisis: PM Modi एक्शन में, कल मुख्यमंत्रियों संग करेंगे High Level Meeting

Shaurya Path: Indian Army ने उतारी ड्रोन वाली घातक फौज, Shaurya Squadron से दुश्मन का खेल पल भर में होगा खत्म

इजरायल का सनसनीखेज दावा: IRGC नेवी कमांडर Alireza Tangsiri की हत्या, Iran ने साधी चुप्पी

Vijay-Sangeetha विवाद के बीच Aarti Ravi का सवाल- क्या पति की Market Value से मिलती है पत्नी को हमदर्दी?