नहीं थमा राज्यसभा में हंगामा, दो बार के स्थगन के बाद बैठक पूरे दिन के लिए स्थगित

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 03, 2021

नयी दिल्ली। पेगासस जासूसी विवाद, तीन कृषि कानूनों सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को भी राज्यसभा की कार्यवाही बाधित हुई और दो बार के स्थगन के बाद बैठक दोपहर दो बजकर करीब 40 मिनट पर दिन भर के लिए लिए स्थगित कर दी गई। व्यवधान पर अप्रसन्नता जाहिर करते हुए सभापति एम वेंकैया नायडू ने हंगामा कर रहे सदस्यों ने कहा कि उन्हें यहां हंगामा करने के लिए नहीं भेजा गया है। वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हंगामे को‘‘हिंसक प्रदर्शन’’ करार देते हुए कहा कि सदन में व्यवधान उत्पन्न किए जाने के रवैये की भर्त्सना की जानी चाहिए।

इसे भी पढ़ें: भारत की राजनीति में घुसने के लिए चीन ने बनाया था वाम दलों को अपना दोस्त, विजय गोखले का खुलासा

सभापति के इतना कहते ही विपक्षी सदस्य आसन के समक्ष आ कर अपने-अपने मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। सभापति ने हंगामा कर रहे सदस्यों से अपने स्थानों पर लौट जाने की अपील करते हुए कहा ‘‘आसन चर्चा की अनुमति देना चाहता है लेकिन इस तरह के माहौल में चर्चा कैसे होगी। ज्यादातर सदस्य चाहते हैं कि सदन में कामकाज हो। लोग देख रहे हैं कि हर दिन किस तरह व्यवधान डाला जाता है। आपको यहां हंगामा करने के लिए नहीं भेजा गया है। आप अपना खुद का नुकसान कर रहे हैं।’’ सदन में व्यवस्था बनते न देख सभापति ने 11 बज कर आठ मिनट पर बैठक दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

दोपहर 12 बजे बैठक शुरू होने पर सदन में वही नजारा था। हाथों में तख्तियां लिए विपक्षी सदस्य आसन के समीप आकर सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे। उपसभापति हरिवंश ने हंगामा कर रहे सदस्यों से शांत होने और प्रश्नकाल चलने देने का अनुरोध किया। शोरगुल के बीच ही प्रश्नकाल में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया, पर्यटन राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल आदि ने अपने अपने मंत्रालयों से संबंधित, विभिन्न सदस्यों के पूरक सवालों के जवाब दिए। सदन में व्यवस्था नहीं बनते देख उपसभापति ने 12 बजकर करीब 40 मिनट पर बैठक दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। दो बार के स्थगन के बाद उच्च सदन की बैठक दो बजे शुरू होने पर विपक्ष का हंगामा जारी था। नारेबाजी के बीच ही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने दिवाला एवं शोधन अक्षमता संहिता संशोधन 2021 विधेयक चर्चा के लिए रखा। सदन ने संक्षिप्त चर्चा के बाद विधेयक को पारित कर दिया। कुछ सदस्यों ने विधेयक पर मत विभाजन कराए जाने की मांग की। इस पर पीठासीन अध्यक्ष भुवनेश्वर कालिता ने कहा कि वह मत विभाजन के लिए तैयार हैं लेकिन उसके लिए सदन में व्यवस्था होनी चाहिए। वित्त मंत्री सीतारमण ने हंगामे को ‘‘हिंसक प्रदर्शन’’ करार देते हुए कहा कि सदन में व्यवधान उत्पन्न किए जाने के रवैये की भर्त्सना की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘ संसदीय शिष्टाचार बहुत महत्वपूर्ण होता है। असहमति होने पर आप विरोध कर सकते है।

बहरहाल, जब कोई सदस्य (सदन में) बोलने के लिए खड़ा हो तो उन्हें बाधित करना और धमकाने वाले अंदाज में उन्हें घेर लेना...यह सब अस्वीकार्य है। ’’ गौरतलब है कि बीजू जनता दल के सदस्य डॉ अमर पटनायक दिवाला एवं शोधन अक्षमता संहित संशोधन विधेयक पर चर्चा में भाग ले रहे थे तो हंगामा कर रहे विपक्ष के कुछ सदस्य तख्तियां लेकर उनके समीप भी आ गये थे। वित्त मंत्री ने कहा,‘‘यह पूरी तरह से विचित्र है कि वे लोग जो व्यवधान में वैयक्तिक रूप से योगदान दे रहे हैं, जब वे बोलने के लिए खड़े होते हैं तो चाहते हैं कि सदन में व्यवस्था रहे...यह कितना स्वार्थी रवैया है ?.....जब सदस्यों को बाधित किया जाता है, चाहे वह प्रश्नकाल हो या शून्यकाल हो... कागज फाड़कर उछाले गए, जब कोई मंत्री या सदस्य बोल रहा होता है तो विरोध कर रहे सदस्य उसकी तरफ आते हैं...यह (रवैया) भर्त्सना योग्य है। मैं चाहती हूं कि सभी सदस्य इस हिंसा और व्यवधान की भर्त्सना करने में मेरा समर्थन करें।’’ विधेयक पारित होने के बाद दोपहर दो बज कर करीब 40 मिनट पर कालिता ने कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला