By उमेश चतुर्वेदी | Dec 16, 2025
नरेंद्र मोदी के दौर की बीजेपी का जब इतिहास लिखा जाएगा, तब उसकी तमाम खूबियों और खामियों के साथ एक तथ्य को शिद्दत से याद किया जाएगा। वह है पार्टी का हर बार चौंकाने वाला फैसला लेना। राजनीति के लिहाज से 45 साल की उम्र युवा मानी जाती है। राजनीति में युवाओं को शीर्ष पर बैठाने की परंपरा कम ही रही है। लेकिन बीजेपी ने 45 साल के नितिन नवीन को अपना बॉस घोषित कर दिया है। नितिन को फिलहाल पार्टी ने अपना कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है, ऐसा माना जा रहा है कि अगले साल जनवरी के आखिर तक उन्हें पूर्णकालिक अध्यक्ष के तौर पर चुन लिया जाएगा।
नितिन की ताजपोशी पर चर्चा से पहले बीजेपी से ही जुड़े अतीत के एक किस्से को याद कर लिया जाना चाहिए। मई 1996 में तेरह दिनी वाजपेयी सरकार के विश्वासमत पर चर्चा के दौरान सुषमा स्वराज ने कांग्रेस के तत्कालीन नेतृत्व से पूछा था, कहां है आपकी सेकंड लाइन ऑफ लीडरशिप। हमारी ओर देखिए, वेंकैया हैं, अनंत हैं, प्रमोद हैं। अटल-आडवाणी और जोशी के दौर की बीजेपी में बिना शक ये तीनों ही नाम शीर्ष नेतृत्व में शामिल थे। पार्टी की दूसरी पांत के नेताओं में सुषमा के बताए तीन नामों के साथ ही उनका भी नाम भी शामिल था। बाद के दिनों में अरूण जेटली को भी इसी पंक्ति में शामिल कर लिया गया था। ऐसे में यह सवाल पूछा जा सकता है कि क्या नितिन नवीन का नाम दूसरी पंक्ति के नेताओं में शुमार होता है। निश्चित तौर पर इसका जवाब ना में है। भले ही वे पांच बार के विधायक हों, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर उनका नाम इतना चर्चित नहीं रहा है। बीजेपी के मुख्य संगठन में छत्तीसगढ़ के प्रभार की जिम्मेदारी छोड़ दें तो इसके पहले कोई बड़ी भूमिका भी नहीं सौंपी गई थी। भारतीय जनता युवा मोर्चा की बिहार इकाई के वे अध्यक्ष और इसी मोर्चे के राष्ट्रीय महामंत्री जरूर रहे हैं। युवा मोर्चा संभालना और मुख्यधारा के संगठन को संभालना अलग -अलग है। ऐसे में नवीन के सामने बड़े और दिग्गज नेताओं से भरी बीजेपी को संभालना बड़ी चुनौती होगी। वैसे बीजेपी कैडर आधारित पार्टी है, लिहाजा यह भी माना जा सकता है कि उन्हें ज्यादा दिक्कत नहीं होनी है।
बीजेपी के जानकारों का तर्क है कि नितिन नवीन को राष्ट्रीय भूमिका देकर पार्टी ने एक तरह से पीढ़ीगत बदलाव की शुरूआत की है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों मेंम बीजेपी में और भी युवा चेहरों को मौका मिलेगा। वैसे देखा जाए तो आजकल बीजेपी में युवाओं और महिलाओं पर जोर है। हालिया बिहार विधानसभा के चुनाव प्रचार में नरेंद्र मोदी एमवाई का नया विश्लेषण युवा और महिला के रूप में कर ही चुके हैं। वैसे भी वे गरीब, किसान, महिला और जवान की जाति का अक्सर जिक्र करते हैं। कह सकते हैं कि नितिन नवीन भाजपा की इसी नई वर्ग व्यवस्था के सशक्त प्रतीक हैं।
हाल के दिनों में बीजेपी में पिछड़ा नेतृत्व पर कुछ ज्यादा ही फोकस किया गया। इससे बीजेपी का पारंपरिक सवर्ण वोट बैंक दबे स्वर से नाराजगी भी जाहिर करता रहा है। विराट उभार से पहले बीजेपी को बाभन-बनिया की पार्टी भी कहा जाता था। इसमें कायस्थ और किंचित क्षत्रिय वर्ग भी जुड़ा हुआ था। नितिन नवीन इन्हीं में से एक कायस्थ वर्ग से आते हैं। वैसे बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान पाटलिपुत्र से कायस्थ उम्मीदवार ना देने की वजह से बीजेपी का कायस्थ वोटर किंचित नाराज भी दिखा था। इस संदर्भ को देखते हुए एक वर्ग कह रहा है कि नितिन को केंद्रीय नेतृत्व सौंपकर बीजेपी ने अपने पारंपरिक सवर्ण मतदाता वर्ग को साधने की कोशिश की है। वैसे कुछ लोगों का यह भी मानना है कि नितिन नवीन की ताजपोशी आगामी पश्चिम बंगाल चुनाव को भी ध्यान में रखकर किया गया है। पश्चिम बंगाल की राजनीति में लंबे समय तक कायस्थ समाज का दबदबा रहा है। राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे ज्योति बसु और पहले मुख्यमंत्री विधानचंद्र रॉय इसी समुदाय से थे। ज्योति बसु जहां 23 साल तक मुख्यमंत्री रहे, वहीं विधानचंद्र रॉय के हाथ 14 साल तक राज्य की कमान रही। नितिन नवीन के जरिए बंगाल के इस वर्ग के वोटरों को भी पार्टी ने बड़ा संदेश दिया है।
नितिन नवीन को नेतृत्व सौंपे जाने को लेकर कुछ महीने पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भाजपा को मिले संकेतों का भी जिक्र किया जा रहा है। संघ ने बीजेपी को संकेत दिया था कि पिछड़े-दलित आदि को शासन और प्रशासन से मिले फायदों का जिक्र भले ही करे, लेकिन संगठन के मामलों में जातीय आधार पर फैसले ना ले। संघ का पार्टी को यह भी संकेत था कि वह संगठन की भूमिकाएं तय करते वक्त कार्यकर्ताभाव और उसकी संगठन क्षमता और निष्ठा को देखे। नितिन नवीन की नियुक्ति को इस निकष पर भी कसा जा सकता है। नवीन पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में सक्रिय रहे हैं। संगठन ने जो भी भूमिका सौंपी, उसे संगठन के लिहाज से पूरा करने की कोशिश की है। छत्तीसगढ़ राज्य में बीजेपी की पिछली जीत ने उनके संगठन कौशल की ओर झांकने का मौका दिया। कह सकते हैं कि उनकी नियुक्ति के पीछे ये भी कारण रहे होंगे। हालांकि आलोचक कह सकते हैं कि नितिन की तुलना में संगठन में खुद को खपाने वाले बहुत लोग अब भी सक्रिय हैं। फिर उन्हें क्यों नहीं मौका मिलना चाहिए। यह तर्क वाजिब हो सकता है। लेकिन यह भी सच है कि राजनीतिक फैसले लेते वक्त कई बिंदुओं पर ध्यान दिया जाता है।
बीजेपी अक्सर दावा करती है कि वह पढ़े-लिखे लोगों को तवज्जो देती है। बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान कुछ विपक्षी दलों के प्रवक्ताओं की उनकी आक्रामक और बदतमीज व्यवहार के चलते आलोचना की थी। तब उसने अपने पढ़े-लिखे प्रवक्ताओं पर जोर दिया था। इस आधार पर नितिन नवीन को लेकर बीजेपी असहज हो सकती है। विपक्षी कह सकते हैं कि पार्टी को अपने अध्यक्ष के लिए पढ़ा-लिखा कार्यकर्ता नहीं मिला। क्योंकि नितिन महज बारहवीं पास ही हैं। बीजेपी अक्सर वंशवाद का विरोध करती है। तकरीबन हर मंच पर वह इसके खिलाफ आवाज उठाती है। जब पार्टी के अंदर के वंशवाद पर विपक्षी खेमे से सवाल उठता रहा, तब पार्टी का तर्क होता था कि शीर्ष पर उसके यहां वंशवाद नहीं रहा। नितिन के संदर्भ में वह क्या जवाब देगी, यह देखना महत्वपूर्ण रहेगा। क्योंकि नितिन के पिता नवीन किशोर सिन्हा बिहार बीजेपी के कद्दावर नेता रहे हैं। बिहार में बीजेपी को खड़ा करने वाले नेताओं में नवीन किशोर का योगदान माना जाता रहा है। आखिर में एक और तथ्य की ओर ध्यान दिया जाना चाहिए। 1959 में जब दिग्गज नेताओं के रहते हुए भी कांग्रेस ने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की बेटी इंदिरा गांधी को अध्यक्ष बनाया, तब इंदिरा की उम्र महज 42 साल थी। ठीक 66 साल बाद आज की सत्ताधारी बीजेपी ने पैंतालिस साल के नितिन नवीन पर भरोसा जताया है। अध्यक्ष बनने के सिर्फ छह साल बाद ही वे देश की प्रधानमंत्री बन गई थीं, नितिन आगे और कितनी ऊंचाई पर जाएंगे, यह देखने के लिए इंतजार करना होगा।
-उमेश चतुर्वेदी
लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तम्भकार हैं