By अभिनय आकाश | Oct 31, 2026
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को लोगों को रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में एक मार्च में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। यह मार्च रामलीला मैदान तक जाएगा, जहां 1 नवंबर को 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन की एक बड़ी रैली होने वाली है। हालांकि, दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि कनॉट प्लेस से प्रस्तावित इस मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं मांगी गई है। राहुल ने एक्स पर एक पोस्ट में मार्च का रूट और शेड्यूल साझा करते हुए कहा, "कल मिलते हैं, आइए साथ चलें। उनकी पोस्ट के अनुसार, यह मार्च रविवार दोपहर को कनॉट प्लेस के पास मिंटो रोड जंक्शन से शुरू होगा। इसमें शामिल लोग अजमेरी गेट की ओर बढ़ेंगे और अंत में रामलीला मैदान पहुंचेंगे। राहुल की इस घोषणा पर दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने ANI को बताया कि कनॉट प्लेस से मार्च निकालने की अनुमति के लिए कोई आवेदन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि सांसद और राजनीतिक नेता अपनी निजी गाड़ियों से कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास या अपनी पसंद की किसी भी अन्य जगह पर जा सकते हैं। सूत्रों ने यह भी बताया कि जंतर-मंतर, जो राजधानी में विरोध प्रदर्शनों के लिए पारंपरिक रूप से तय जगह रही है, उसे अब विरोध प्रदर्शन स्थल के रूप में मान्यता नहीं दी गई है।
शुक्रवार को दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए राहुल ने कहा बारिश की वजह से हमने सर्वसम्मति से आज के कार्यक्रम (CEC के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम) को कल उसी समय के लिए टालने का फैसला किया है। हमें लगा कि बारिश में वरिष्ठ नेताओं का बैठना ठीक नहीं रहेगा, इसलिए हम यही कार्यक्रम कल आयोजित करेंगे।" उन्होंने राजनीतिक दलों, नागरिक समाज के सदस्यों, पत्रकारों और अन्य नागरिकों से भी अपील की कि वे 'इंडिया' गठबंधन द्वारा 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल हों।