By अभिनय आकाश | Feb 11, 2023
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धलाई के अंबासा में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। इस दौरान त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा भी उपस्थित नजर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहले त्रिपुरा में एक ही शब्द सुनने को मिलता था 'चंदा'। इन्होंने तीन दशक तक चंदे के नाम पर लोगों को लूटने का लाइसेंस देकर रखा था। हमने त्रिपुरा के लोगों को चंदा-चंदा करने वालों से मुक्त कर दिया है। त्रिपुरा के गरीबों, युवाओं, माताओं-बहनों, जनजातियों के लिए पार्टी ने नए लक्ष्य तय किए और पार्टी ने उन्हें पूरा करने का संकल्प लिया है... त्रिपुरा के लोगों को याद रखना है आपके एक वोट की शक्ति से त्रिपुरा वामपंथ के कुशासन से मुक्त हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारा संकल्प पत्र यह साबित करता है कि भाजपा वही करती है जो आप चाहते हैं और हम वही करते हैं जो आपकी प्राथमिकता होती है, जो आपकी जरूरत होती है। हमने अपने संकल्प पत्र में नए लक्ष्य के साथ नए कदम उठाने का फैसला लिया है। पहले त्रिपुरा में केवल वामपंथी कैडर को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता था लेकिन अब हर नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पुलिस थानों तक पर सी.पी.एम. कैडर का कब्ज़ा था लेकिन भाजपा सरकार ने राज्य में कानून का राज स्थापित किया है।