By प्रेस विज्ञप्ति | Apr 25, 2022
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्राकृतिक खेती से जो खाद्यान्न उत्पादन हो रहा है, उसके लिए सभी 18 मंडलों में पहले चरण में टेस्टिंग लैब स्थापित करने की कार्यवाही की जा रही है। साथ ही, प्राकृतिक खेती के किसानों को उचित दाम मिल सके, इसलिए हर मंडी में अलग से व्यवस्था बनाकर व्यवस्थित मार्केटिंग के कार्य को हमने आगे बढ़ाना शुरू किया है। इसके अलावा बुंदेलखंड के सात जिलों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार अपने स्तर पर विशेष प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश जयराम ठाकुर, मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री आंध्र प्रदेश जगन मोहन रेड्डी, नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही आदि मौजूद थे।
प्राकृतिक खेती से जुड़कर कई किसान धरती माता को विष से मुक्त करने के साक्षी बन रहे: योगी
सीएम योगी ने कहा कि मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि जब 16 दिसंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राकृतिक खेती पर एक वर्चुअल संवाद किया था, उस समय प्रदेश के 1055 किसानों समेत प्रदेश के सभी 825 विकास खंडों में एक लाख 65 हजार किसान इस प्राकृतिक खेती से सीधे-सीधे जुड़ा हुआ दिखाई दिया था। प्रदेश में सरकार अनेक ऐसे कार्यक्रम चला रही है, जिससे प्रगतिशील किसानों को प्राकृतिक खेती के माध्यम से अपनी लागत को कम करके अपनी आय को कई गुना बढ़ाया है। उन्हें हम समय-समय पर सम्मानित भी करते हैं। प्रदेश में हमारे कई किसान ऐसे हैं, जो प्राकृतिक खेती के साथ जुड़कर वर्तमान में इस अभियान को और धरती माता को विष से मुक्त करने के साक्षी बन रहे हैं।