मुस्लिम विरोधी घटनाओं पर विदेश में नकारात्मक प्रतिक्रिया होगी, घरेलू हकीकत बदलने की जरूरत: थरूर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 01, 2020

नयी दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कथित ‘इस्लामोफोबिया’ (इस्लाम के प्रति पूर्वाग्रह) को लेकर अरब देशों में भारत की आलोचना की पृष्ठभूमि में शुक्रवार को कहा कि मुस्लिम समुदाय के खिलाफ बयानों और घटनाओं से विदेशों में नकारात्मक प्रतिक्रिया होना स्वाभाविक है तथा इस पर ‘नुकसान की भरपाई’ के बजाय घरेलू हकीकत को बदलना अधिक महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि मोदी सरकार अपने कुछ उच्च पदासीन व्यक्तियों समेत ‘सबसे उग्र समर्थकों’ की ओर से किए जाने वाले गलत व्यवहार और बयानों पर अंकुश लगाने में ‘शर्मनाक ढंग से’ विफल रही है। लोकसभा सदस्य थरूर के मुताबिक, सरकार जो कहती है वो मायने नहीं रखता, बल्कि महत्वपूर्ण यह है कि वह खुद क्या करती है, और दूसरों को क्या करने देती है... इसी से उसके बारे में धारणा बनती है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के 2014 में दिए गए कथित बयान का हवाला देते हुए कहा, ‘‘हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि ‘रामजादे....’ वाला बयान एक मंत्री ने दिया था। >हाल ही में उत्तर प्रदेश में भाजपा के एक विधायक की कथित टिप्पणी आई जिसमें उन्होंने लोगों से मुस्लिम सब्जी वाले के पास से सब्जी नहीं खरीदने के लिए कहा।’’ गौरतलब है कि पिछले दिनों मुस्लिम सब्जीवाले के बारे में कथित टिप्पणी से जुड़ा भाजपा विधायक सुरेश तिवारी का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसको लेकर भाजपा ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। थरूर ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले छह वर्षों के दौरान अपनी पार्टी की ‘कट्टरता’ की निंदा करने में बहुत पीछे रहे हैं और ‘अपने ही खेमे से इस्लामोफोबिया के उभार’ पर सहमत दिखे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ त्वरित वैश्विक संचार की दुनिया में यह रवैया टिक नहीं सकता कि भारत देश से बाहर मुसलमानों से प्रेम करे, लेकिन देश के भीतर उनका अपमान करे। भारत में मुसलमानों के खिलाफ कई घटनाओं और बयानों पर विदेश में नकारात्मक असर दिखना ही था।’’ थरूर की यह टिप्पणी भारत में कोरोना वायरस महामारी और यहां निजामुद्दीन में आयोजित तबलीगी जमात के एक कार्यक्रम को लेकर कुछ कथित बयानों के बाद अरब जगत के देशों से आई प्रतिक्रिया की पृष्ठभूमि में है। इस्लामी देशों के संगठन ओआईसी ने भी इस मामले को लेकर भारत में ‘इस्लामोफोबिया’ होने का आरोप लगाया था। 

इसे भी पढ़ें: बीजेपी का ममता सरकार पर आरोप, राज्य की पुलिस ने 'लुंगी वाहिनी’ के सामने कर दिया आत्मसमर्पण

प्रमुख खबरें

UN में नेतन्याहू के सामने बुर्के वाली डिप्लोमैट का तहलका, हिली दुनिया !

Fatty Liver की समस्या दूर करने के लिए डाइट में शामिल करें Fiber और Protein

Ishwar Chandra Vidyasagar Birth Anniversary: बंगाल पुनर्जागरण के प्रमुख स्तंभ थे ईश्वरचंद्र विद्यासागर

West Indies के खिलाफ वनडे सीरीज में Rohit Sharma और Virat Kohli पर रहेंगी निगाहें