By अभिनय आकाश | Mar 10, 2022
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में महिला वोटरों ने बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी दी है। महिला उम्मीदावरी में भी इस बार आंकड़ा 4 फीसदी बढ़ा हुअ दिखा। पिछली पर चुनाव मैदान में रहीं 445 महिला प्रत्याशियों में से 41 विजयी होकर विधान सभा पहुंची थीं। इनमें 35 भाजपा के सिंबल पर जबकि बसपा और कांग्रेस के निशान पर दो-दो महिला विधायकों ने चुनाव मैदान में फतेह पाई थी। अपना दल(एस) और सपा के सिंबल पर एक-एक प्रत्याशी जीतकर विधानसभा पहुंची थीं। जबकि इस बार कांग्रेस ने 155 और बीजेपी ने 45 टिकट महिलाओं को दिए हैं। सपा ने 42 और बसपा ने 37 उम्मीदवार उतारे हैं। 98 निर्दल उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इसके अलावा आप से 30, आजाद समाज पार्टी से 6, एआईएमआईएम से 5, सुभासपा से एक, अपना दल से तीन, आरएलडी से दो और अन्य दलों से 136 महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस बार के चुनाव में कई महिला उम्मीदवारों के परिणाम पर सबी की नजरें हैं। आइए कुछ चर्चित चेहरों के चुनावी प्रदर्शन के बारे में जानते हैं।
पल्लवी पटेल
केवल कौशांबी जनपद ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों में भी सबसे चर्चित सीट माने जाने वाली सिराथू विधानसभा सीट के परिणाम पर हर किसी की निगाहे टिकी थी। जहां एक ओर इस सीट से यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य चुनावी मैदान में नजर आए तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी और अपना दल गठबंधन उम्मीदवार पल्लवी पटेल उन्हें कड़ी टक्कर देती नजर आईं। चुनाव मैदान में उतरे केशव प्रसाद मौर्य और सपा की पल्लवी पटेल के बीच पेंच फंस गया है। डिप्टी सीएम के बेटे और समर्थक पूरी गणना दोबारा से कराने की मांग पर अड़े हैं। हालांकि प्रेक्षक ने फिर से मतगणना कराने से मना कर दिया है। वोटिंग रोके जाने से सपा प्रत्याशी समेत समर्थक भी नाराज दिखाई दे रहे हैं। खबर लिखे जाने तक गणना रुकी हुई है। बता दें कि 31 राउंड की वोटिंग के बाद पल्लवी पटेल को 105128 वोट प्राप्त हुए हैं वहीं केशव प्रसाद मौर्य को 98147 वोट मिले हैं।
अदिति सिंह
रायबरेली सदर सीट जिसे कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। पिछले बार तक ये सीट कांग्रेस के पास थी। लेकिन कांग्रेस पार्टी के खिलाफ लगातार बगावत का बिगुल फूंकने वाली अदिति सिंह इस बार बीजेपी की टिकट पर चुनावी मैदान में उतरीं। अदिति का इस सीट पर सपा के आरपी सिंह और कांग्रेस के मनीष सिंह से मुकाबला हुआ। जिसमें अदिति सिंह ने बाजी मारते हुए 101974 प्राप्त हुए जबकि उनके मुकाबले सपा के राम प्रताप 94294 वोट हासिल कर दूसरे नंबर पर रहे।
पंखुरी पाठक
गौतमबुद्ध नगर जिले की नोएडा सीट जहां से बीजेपी प्रत्याशी ने एक नया इतिहास ही रच दिया। पंकज सिंह ने इस सीट पर 1 लाख 79 हजार से चुनाव जीता है। कभी अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव की करीबी रहीं पंखुरी ने कुछ विवाद के बाद सपा से किनारा करते हुए कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस बार के चुनाव में उन्हें पार्टी ने नोएडा सीट से मैदान में उतारा। जहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंतक सिंह के हाथों उन्हें करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।
अराधना मिश्रा
प्रतापगढ़ जिले में पड़ने वाली रामपुर खास विधानसभा सीट जहां पर कांग्रेस की उम्मीदवार आराधना मिश्रा भारतीय जनता पार्टी के नागेश प्रताप सिंह के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें अराधना मिश्रा ने बाजी मार ली है। मिश्रा को 83652 वोट प्राप्त हुए जबकि बीजेपी के नागेश प्रतापु को 69346 वोट मिले। 2017 के विधानसभा चुनावों की बात करें तो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से आराधना मिश्रा 'मोना' ने भारतीय जनता पार्टी के नागेश प्रताप सिंह उर्फ छोटे सरकार को 17066 मतों के अंतर से पराजित किया था। उन चुनावों में अराधना मिश्रा को 81463 वोट मिले थे।