दिल्ली में कोविड-19 की तीसरी लहर आ गई है, बुधवार को 10 हजार नए मामले आ सकते हैं: जैन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 05, 2022

नयी दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 की तीसरी लहर आ गई है। शहर में बुधवार को 10 हजार नए मामले सामने आ सकते हैं और संक्रमण दर 10 प्रतिशत पर पहुंच सकती है। मंत्री ने यह भी कहा कि अब सभी संक्रमितों के नमूनों का जीनोम अनुक्रमण मुमकिन नहीं है, केवल 300 से 400 नमूनों का ही जीनोम अनुक्रमण किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘ दिल्ली में 10 हजार के करीब नए मामले आ सकते हैं और संक्रमण दर 10 प्रतिशत पर पहुंच सकती है.... शहर में तीसरी लहर शुरू हो चुकी है।’’

इसे भी पढ़ें: जुखाम, रात में पसीना और छींक आ रही है? सावधान हो जाए, यह हो सकते है ओमिक्रॉन के लक्षण

अद्यतन सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में एक जनवरी को 247 मरीज अस्पताल में भर्ती थे, जिनकी संख्या चार जनवरी को बढ़कर 531 हो गई। वहीं, ऑक्सीजन की जरूरत तब 94 मरीजों को थी और अब 168 लोगों को पड़ रही है, जबकि वेंटिलेटर पर चार लोग थे और अब 14 लोग हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पहले कहा था कि सबसे बदतर स्थिति में अगर एक दिन में कोविड-19 के एक लाख मामले सामने आते हैं, तो उनकी सरकार उस स्थिति को भी संभाल लेगी।

जैन ने बताया कि दिल्ली सरकार ने एक ‘कोविड वॉर रूम’ सक्रिय किया है, जो बिस्तर की उपलब्धता, मरीजों की संख्या, ऑक्सीजन आदि के बारे में जिला और अस्पताल-वार ब्योरा तैयार करेगा। दिल्ली सरकार ने मंगलवार को शहर में सप्ताहांत पर कर्फ्यू लगाने की घोषणा की थी। शहर में मंगलवार को कोविड-19 के 5,481 नए मामले सामने आए थे, जो 16 मई के बाद सामने आए सर्वाधिक दैनिक मामले थे। वहीं, संक्रमण दर 8.37 प्रतिशत थी और संक्रमण से तीन और मरीजों मौत हुई थी। शहर में शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगा।

प्रमुख खबरें

DRI ने देश भर में कार्रवाई कर 845 किलोग्राम Drugs पकड़ी, 15 तस्कर अरेस्ट

CID पूछताछ के दौरान TMC MLA परेश राम दास की तबीयत बिगड़ी, SSKM अस्पताल में भर्ती

Islamic State साजिश मामले में NIA अदालत ने हुजैर फरहान बेग को सुनाई 6 साल की सजा

विदेशी Unicorns में भारतीय संस्थापकों का मूल्य 560 अरब डॉलर पहुंचा: Prosus सूचकांक