तिरुवनंतपुरम में भारी बारिश से जलभराव, BJP और CPM के बीच तीखा आरोप-प्रत्यारोप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

केरलम की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भारी बारिश के बाद व्यापक जलभराव को लेकर शुक्रवार को भाजपा नीत नगर निगम और विपक्षी दल माकपा ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। दोनों पक्षों ने शहर की जल निकासी व्यवस्था और नगर निगम की तैयारियों पर सवाल उठाए। बृहस्पतिवार को हुई भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया, जिससे यातायात बाधित हुआ और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

महापौर वी वी राजेश ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया। वह गोवा की अपनी आधिकारिक यात्रा बीच में छोड़कर लौटे थे। उन्होंने जलभराव के लिए असामान्य रूप से भारी बारिश को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि एक दिन में होने वाली बारिश महज एक घंटे में हो गई।

उन्होंने कहा कि शहर के उन इलाकों में भी पानी भर गया, जहां आमतौर पर जलभराव की समस्या नहीं होती क्योंकि नालियां सूखी पत्तियों और प्लास्टिक कचरे के कारण बंद हो गयी थीं। महापौर ने कहा कि शहर की नालियों इतनी भारी बारिश का पानी निकालने के लिए सक्षम नहीं है। उन्होंने कहा कि नालियों के संकरे मुहाने छोटे जालों से ढके हुए हैं, जो कागज के एक-दो टुकड़ों से भी बंद हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान इस तरह की खामियों को दूर किया जाना चाहिए था। राजेश ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों ने एक घंटे के भीतर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि नगर निगम के कर्मचारियों की ओर से कोई लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि शहर की सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम की है, जबकि अन्य एजेंसियों के अधीन आने वाली सड़कों के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की है। उन्होंने माकपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री वी शिवनकुट्टी की आलोचना को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि शहर की कई मौजूदा समस्याओं की जड़ें शिवनकुट्टी के महापौर रहने के कार्यकाल में हैं। महापौर ने कहा, उनकी विकृत सोच ने ही बुनियादी तौर पर इस शहर को बर्बाद किया है।

उनकी पार्टी ने 40 साल तक इस शहर पर शासन किया और इसे बर्बाद कर दिया इसलिए उन्हें आकर हमें उपदेश देने की जरूरत नहीं है। वहीं, शिवनकुट्टी ने नगर निगम पर सफाई, कचरा प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति और बाढ़ नियंत्रण में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार की बारिश के दौरान कई वार्ड जलमग्न हो गए, लेकिन नगर निगम का कोई जिम्मेदार अधिकारी प्रभावित इलाकों का दौरा करने नहीं पहुंचा।

माकपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व स्थानीय स्वशासन मंत्री एम बी राजेश ने भी भाजपा नीत नगर निगम और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की आलोचना की। इस बीच, परिवहन मंत्री सी पी जॉन ने कहा कि वह आरोप-प्रत्यारोप में नहीं पड़ना चाहते। उन्होंने कहा कि अप्रत्याशित भारी बारिश के कारण हुए जलभराव के लिए किसी को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

प्रमुख खबरें

संसद की विशेष बैठक Delimitation आगे बढ़ाने की चाल, हिमाचल के मंत्री Chander Kumar का आरोप

IBM का बड़ा फैसला: Consulting Division में अधिकांश पदों के लिए US वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद, भारतीय कर्मचारियों पर गहरा असर

Wedding फंक्शन में चार चांद लगा देंगे ये 7 खूबसूरत Peacock Bangles

Baingan Recipe: रोजाना वाले बैंगन को भूल जाएंगे, एक बार ट्राई करें स्पेशल रेसिपी