Smriti Irani Birthday: टीवी की आदर्श बहू स्मृति ईरानी ने ऐसे तय किया कैबिनेट तक का सफर, जानिए रोचक फैक्ट्स

By अनन्या मिश्रा | Mar 23, 2024

आज यानी की 23 मार्च को मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अपना 48वां जन्मदिन मना रही हैं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी टीवी इंडस्ट्री की फेमस एक्ट्रेस भी रह चुकी हैं। वर्तमान में वह राजनीति में नए कीर्तिमान रच रही हैं। लेकिन इससे पहले वह टीवी इंडस्ट्री की संस्कारी बहू के रूप में जानी जाती थीं। उन्होंने टीवी इंडस्ट्री से घर-घर में अपनी जगह बनाई। फिलहाल वह राजनीति में अपने कदम जमाकर राज्य और देश को संभालने में व्यस्त हैं। आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर स्मृति ईरानी के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...


जन्म और शिक्षा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 23 मार्च साल 1976 को स्मृति ईरानी का जन्म हुआ था। उन्होंने अपनी शुरूआती शिक्षा होली चाइल्ड ऑग्जीलियम स्कूल से पूरी की। फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्राचार की डिग्री हासिल की। उस दौरान परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से उन्होंने एक होटल में वेट्रेस के तौर पर नौकरी करनी शुरूकर दी। तभी उनको मॉडलिंग में हाथ आजमाने की सलाह मिली। 


मॉडलिंग में करियर

स्मृति ईरानी मॉडलिंग में अपना करियर बनाने के लिए दिल्ली से मुंबई आ गईं। उस दौरान साल 1998 में उन्होंने मिस इंडिया पेजेंट में भाग लिया और फाइनल तक पहुंच गईं। वह फेमिना मिस इंडिया की रनर-अप रहीं। तभी उनको सिंगर मिका सिंह के म्यूजिक एल्बल 'सावन में लग गई आग' के 'बोलियां' गाने में काम करने का मौका मिला। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग में अपनी किस्मत आजमाई। टीवी सीरियल 'आतिश' से एक्ट्रेस ने टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा। फिर वह 'हम हैं कल आज और कल' और 'कविता' में नजर आईं।


'तुलसी' से मिली असली पहचान

इसके बाद एकता कपूर के सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में स्मृति ईरानी नजर आईं। इस सीरियल से उनको घर-घर में पहचान मिली। स्मृति ईरानी ने 'तुलसी' बनकर न सिर्फ देश बल्कि विदेश में भी अपनी पहचान बनाई। एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने खुलासा किया था कि इस सीरियल में उनको 1800 रुपए फीस मिली थी। इसके बाद वह टीवी इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा बन चुकी थी। वहीं राजनीति में आने के लिए एक्ट्रेस ईरानी ने टीवी इंडस्ट्री को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।


राजनीति में रखा कदम

एक्टिंग के बाद उन्होंने राजनीति का रूख किया। साल 2003 में स्मृति ईरानी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। फिर साल 2004 में वह महाराष्ट्र की यूथ विंग की वाइस प्रेसिडेंट चुनी गईं। इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में वह कांग्रेस के गढ़ अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव में खड़ी हुईं। लेकिन इस दौरान उनको हार का सामना करना पड़ा। लेकिन साल 2019 के चुनाव में उन्होंने राहुल गांधी को शिकस्त दे दी और वह अमेठी से सांसद बन गईं। टीवी इंडस्ट्री के साथ-साथ स्मृति ईरानी ने राजनीति में भी अपना सफल करियर बनाया। वर्तमान समय में वह मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री हैं।

प्रमुख खबरें

विशिष्ट मुद्दों का पारस्परिक समाधान खोजने के लिए भारत के साथ काम करने को तैयार: Chinese Ambassador

American राजनयिक Garcetti ने भारत में जतायी जा रहीं लोकतंत्र संबंधी चिंताओं को किया खारिज

Virat Kohli को आगामी T20 World Cup में पारी का आगाज करना चाहिए: Ganguly

Indian खिलाड़ियों को खेल-विशिष्ट सहयोगी स्टाफ से मदद मिलेगी: IOA प्रमुख Usha