पश्चिम बंगाल उपचुनाव: तीनों सीटों पर TMC को बढ़त, भवानीपुर से ममता आगे

By अंकित सिंह | Oct 03, 2021

पश्चिम बंगाल में 3 सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना जारी है। कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना सुबह 8:00 बजे शुरू हुई। जिन सीटों के लिए मतगणना हो रही है उनमें महत्वपूर्ण सीट भवानीपुर भी शामिल है। भवानीपुर के अलावा जंगीपुर और समसेरगंज विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव हुए थे जिसके लिए मतगणना जारी है। भवानीपुर पर सबकी निगाहें टिकी हुई है क्योंकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी यहां से उम्मीदवार हैं। ममता बनर्जी को भाजपा की प्रियंका टिबरेवाल और माकपा के श्रीजिब बिस्वास से चुनौती मिल रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल से 12,435 मतों से आगे चल रही हैं। ममता बनर्जी इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से चुनाव हार गई थीं। दक्षिण कोलकाता में भवानीपुर सीट पर उपचुनाव में भाजपा की प्रियंका टिबरेवाल और माकपा के श्रीजिब बिस्वास से बनर्जी का मुकाबला है। मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रहने के वास्ते उन्हें विधानसभा के लिए निर्वाचित होना होगा। निर्वाचन आयोग ने भवानीपुर के सखावत मेमोरियल कन्या उच्च विद्यालय में बने मतगणना केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा के इंतजाम किए हैं, जहां केंद्रीय बलों की 24 कंपनियां भी तैनात की गई हैं। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) स्ट्रांग रूम में आठ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और नतीजे 21 चरण की मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे। तीनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इन सीटों पर 30 सितंबर को मतदान हुआ था। 

प्रमुख खबरें

Gael Monfils ने 40वें जन्मदिन पर रचा इतिहास, US Open के दूसरे दौर में पहुंचे

Anna Hazare की सेहत में सुधार, Bombay Hospital में दो दिन और रहेंगे

Banke Bihari Temple Mangla Aarti: जन्माष्टमी पर रात 1:45 बजे होंगे दर्शन, High Power Committee ने जारी किए Passes

PCR Vehicle में शराब की बोतल दिखने पर Delhi Police का हेड कांस्टेबल निलंबित, चालक पर भी कार्रवाई