तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल के राज्यपाल के खिलाफ लड़ाई की तेज, धनखड़ ने किया पलटवार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 30, 2020

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को राज्यपाल जगदीप सिंह धनखड़ के खिलाफ लड़ाई को तेज करते हुए उन्हें ‘ संवैधानिक सीमाओं का उल्लंघन’ करने पर वापस बुलाने की मांग की। इससे क्रोधित धनखड़ ने पलटवार करते हुए दावा किया कि राज्य में स्वतंत्र एवं पारदर्शी चुनाव नहीं हुए और यह सुनिश्चित करना उनका कर्तव्य है कि लोग बिना भय के अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य शुखेंदु शेखर रॉय ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी सांसदों की टीम ने मंगलवार को राष्ट्रपति को पत्र भेजा जिसमें धनखड़ द्वारा हाल में ऐसे कथित उल्लंघनों की सूची दी गई है और संविधान के अनुच्छेद-156 (1)के तहत कार्रवाई करने की मांग की गई है। रॉय ने कहा, ‘‘ संविधान के अनुच्छेद-156 की धारा 1 के तहत राष्ट्रपति की इच्छा तक राज्यपाल पद पर आसीन होता है। हम राष्ट्रपति से मांग करते हैं कि इस इच्छा को वापस ले जिसका अभिप्राय है कि वह इन राज्यपाल को हटाएं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा पश्चिम बंगाल के 75 साल के इतिहास में नहीं हुआ। अगर उन्हें कुछ कहना है तो वह संविधान में दिए गए तरीके से ऐसा कर सकते हैं न कि ट्वीट या प्रेस वार्ता करके।’’ ऐसा प्रतीत हो रहा है कि धनखड़ ममता बनर्जी सरकार के साथ युद्ध की स्थिति में हैं। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करना उनका कर्तव्य है कि लोगों को बिना भय मताधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर प्राप्त हो। उधर पश्चिम कोलकाता स्थित एक मंदिर में दर्शन के लिए जाते समय धनखड़ ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘ बिना भय (राज्य में) स्वतंत्र एवं पारदर्शी चुनाव नहीं हुए।’’ 

इसे भी पढ़ें: ममता ने भाजपा को बताया बाहरी लोगों की पार्टी, बोलीं- धर्मनिरपेक्षता पर नफरत की राजनीति को नहीं होने देंगे हावी 

राज्यपाल ने कहा कि लोग किसके पक्ष में मतदान करते हैं यह उनकी चिंता का विषय नहीं है लेकिन यह सुनिश्चित करना उनका कर्तव्य है कि लोग बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने सरकारी मशीनरी को पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान निष्पक्ष रहने का आह्वान किया जो संभवत: अगले साल अप्रैल-मई में होगा। धनखड़ अकसर राज्य के प्रशासन और पुलिस पर ममता बनर्जी सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाते रहे हैं। रॉय ने धनखड़ के उन बयानों को रेखांकित किया जिसमें उन्होंने बंगाल व्यापार सम्मेलन पर हुए खर्च का हिसाब मांगा था और ‘25 आईपीएस अधिकारियों’ को कथित धमकी देने के लिए मुख्यमंत्री से माफी की मांग की थी। उन्होंने कहा कि राज्यपाल अपने अधिकारों और सीमाओं का उल्लंघन कर रहे हैं। रॉय ने कहा, ‘‘ उन्होंने (धनखड़) कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना उनकी जिम्मेदारी है। वह कौन हैं? यह चुनाव आयोग का क्षेत्र है। इसी तरह कैग वह प्राधिकार है जो बंगाल व्यापार सम्मेलन जैसे राज्य द्वारा आयोजित कार्यक्रम पर खर्चों की जानकारी मांगे।’’

रॉय ने कहा, ‘‘ केंद्र द्वारा चुने गए संवैधानिक प्रमुख राज्य के कामकाज में ऐसे हस्तक्षेप नहीं कर सकते हैं। यह संसदीय व्यवस्था में हस्तक्षेप है। वह जानबूझकर यह कर रहे हैं। वह राज्यपाल के पद के लिए योग्य नहीं है जिसे वह अभी धारण किए हुए हैं।’’ इस पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि राज्यपाल अपने संवैधानिक कर्तव्य का अनुपालन कर रहे हैं, उन्होंने पाया कि राज्य सरकार कई मानदंडों पर सही काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं नहीं मानता कि तृणमूल कांग्रेस द्वारा राज्यपाल को हटाने के लिए राष्ट्रपति का रुख करने से कोई असर होगा। राष्ट्रपति राज्यपाल की भूमिका पर अपनी समझ से कार्यवाही करेंगे।’’ कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘राज्यपाल राज्य के प्रमुख होने के नाते संवैधानिक मापदंड़ों के तहत काम कर रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस ऐसा कर रही है क्योंकि वह भयभीत है।

प्रमुख खबरें

Badminton Asia में बड़ी तकनीकी चूक, बिना Hawk-Eye के खेलने पर HS Prannoy ने उठाए गंभीर सवाल

TCS का AI पर बड़ा दांव, Revenue पहुंचा $2.3 अरब, Quarterly Results में बंपर मुनाफा।

India-US Trade Deal पर बड़ा एक्शन, फाइनल बातचीत के लिए Washington रवाना होगा प्रतिनिधिमंडल

Sabarimala Hearing: मंदिरों में रोक से बंटेगा हिंदू धर्म, Supreme Court की अहम टिप्पणी