क्रिकेट की पिच से सियासत में उतरे Shib Shankar Paul, Tufanganj में BJP को देंगे टक्कर?

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 24, 2026

बंगाल के पूर्व तेज गेंदबाज शिव शंकर पॉल ने उम्मीद जतायी है कि वे तूफानगंज से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) उम्मीदवार के रूप में अपने पहले चुनावी मुकाबले में वही निडरता दिखाएंगे जो उन्होंने कभी दिग्गज क्रिकेट सम्राट सचिन तेंदुलकर के खिलाफ दिखाई थी। पॉल को घरेलू क्रिकेट जगत में ‘मैको’ के नाम से जाना जाता है। चुनाव जीतने की स्थिति में 44 वर्षीय उम्मीदवार पॉल विभिन्न जिलों के युवा एथलीटों की चुनौतियों से निपटने में मदद करने के लिए उत्सुक हैं जिसमें कोलकाता में उपयुक्त आवास की व्यवस्था करना शामिल है ताकि उनके सपनों को साकार किया जा सके।

पूर्व तेज गेंदबाज ने अपने पेशेवर जीवन का अधिकांश समय कोलकाता में बिताया, लेकिन तूफानगंज से उनका गहरा जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने का उनका मकसद लोगों की सेवा करना है। पॉल ने कहा कि वित्तीय और बुनियादी ढांचे संबंधी बाधाएं अक्सर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सपनों को चकनाचूर कर देती हैं। उन्होंने कहा कि वह इन चुनौतियों का व्यवस्थित रूप से समाधान करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं दीदी (ममता बनर्जी) और अभिषेक बनर्जी से कोलकाता में उत्तर बंगाल के लिए एक छात्रावास स्थापित करने में मदद करने का अनुरोध करना चाहता हूं। कई लड़के-लड़कियां राज्य की राजधानी में रहने का खर्च वहन नहीं कर सकते और खेल बीच में ही छोड़ देते हैं। एक छात्रावास उन्हें कम खर्च में आवास पाने और अपने सपनों को साकार करने में मदद करेगा।’’

पॉल का चुनावी अभियान 19 मार्च को एक स्थानीय मंदिर में प्रार्थना के साथ शुरू हुआ। वर्ष 2005-06 और 2006-07 में लगातार रणजी ट्रॉफी फाइनल में पहुंचने वाली बंगाल टीम में खेलते हुए पॉल ने एक भरोसेमंद और मेहनती गेंदबाज के रूप में अपनी पहचान बनाई, जो दबाव में भी कई ओवर तक गेंद फेंकने में सक्षम थे। अपने प्रथम श्रेणी करियर में उन्होंने 100 से अधिक विकेट लिए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना ​​है कि टीएमसी उम्मीदवार के व्यक्तिगत संपर्क और खेल पृष्ठभूमि भले ही उनके पक्ष में काम करे, लेकिन भाजपा के मजबूत संगठन और वामपंथियों की सक्रिय भागीदारी के कारण तूफानगंज में चुनावी समीकरण काफी जटिल हैं। लेकिन पॉल को पूरा भरोसा है कि क्रिकेट के जरिये हासिल अनुशासन, एकाग्रता और निडरता उन्हें राजनीतिक जीवन की चुनौतियों का सामना करने में मदद करेगी।

प्रमुख खबरें

World Cup Trophy की चमक और बढ़ी, Gold में Record तेजी से कीमत 6.7 करोड़ रुपये पहुंची

World Cup में कोच की एक चूक ने डुबोई South Korea की नैया, Son Heung-min बेंच पर बैठे रहे

Guillermo Ochoa ने रचा फुटबॉल का नया कीर्तिमान, 6 World Cup खेलकर Ronaldo-Messi के क्लब में शामिल

Crude Oil में गिरावट का असर, Government का संकेत- अब सस्ता हो सकता है हवाई सफर