Tokyo Paralympics: प्रवीण कुमार ने पुरुषों की ऊंची कूद में रजत पदक जीता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 03, 2021

तोक्यो। भारत के प्रवीण कुमार ने तोक्यो पैरालंपिक में पुरूषों की ऊंची कूद टी64 स्पर्धा में रजत पदक जीता जिससे इन खेलों में देश के पदकों की संख्या 11 तक पहुंच गयी है। अठारह वर्षीय कुमार ने पैरालंपिक में पदार्पण करते हुए 2.07 मीटर की कूद से एशियाई रिकार्ड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वह ब्रिटेन के जोनाथन ब्रूम एडवर्ड्स के पीछे रहे जिन्होंने 2.10 मीटर की कूद से सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कांस्य पदक रियो खेलों के चैम्पियन पोलैंड के मासिज लेपियाटो के हासिल किया जिन्होंने 2.04 मीटर की कूद लगायी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर प्रवीण कुमार को बधाई दी और कहा कि यह पदक उनके कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। कुमार ने तोक्यो पैरालंपिक में एशियाई रिकार्ड के साथ पुरूषों की ऊंची कूद टी64 स्पर्धा में रजत पदक जीता है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर प्रवीण कुमार पर गर्व है। यह पदक उनके कठिन परिश्रम और अद्वितीय समर्पण का परिणाम है। उन्हें बधाइयां। भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।’’ पैरालंपिक में भारत ने अभी तक दो स्वर्ण और छह रजत सहित कुल 11 पदक जीते हैं।

प्रमुख खबरें

DRI ने देश भर में कार्रवाई कर 845 किलोग्राम Drugs पकड़ी, 15 तस्कर अरेस्ट

CID पूछताछ के दौरान TMC MLA परेश राम दास की तबीयत बिगड़ी, SSKM अस्पताल में भर्ती

Islamic State साजिश मामले में NIA अदालत ने हुजैर फरहान बेग को सुनाई 6 साल की सजा

विदेशी Unicorns में भारतीय संस्थापकों का मूल्य 560 अरब डॉलर पहुंचा: Prosus सूचकांक