By रेनू तिवारी | Nov 18, 2026
Top 10 Breaking News 18 November 2026 | आज की ताज़ा और बड़ी खबरें- देश-दुनिया की ताज़ा और बड़ी खबरें अब आपकी उंगलियों पर! प्रभासाक्षी के इस समाचार बुलेटिन में पढ़ें आज की मुख्य सुर्खियाँ। पूरी जानकारी के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएँ।
UP Assembly Elections 2027 | गोरखपुर में अखिलेश यादव की 20 किमी लंबी पदयात्रा,1 लाख की भीड़ जुटाने का दावा, केशव मौर्य का पलटवार- '2047 तक सत्ता में नहीं आएगी सपा'
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले सियासी पारा तेजी से चढ़ने लगा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके ही गृह क्षेत्र में राजनीतिक चुनौती देने के उद्देश्य से समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर में एक भव्य रोड शो और पदयात्रा करने जा रहे हैं। सपा नेताओं के अनुसार, लगभग 20 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा गोरखपुर हवाई अड्डे से शुरू होकर ऐतिहासिक चौरी चौरा क्षेत्र के देवकही गांव तक जाएगी। सपा नेताओं के अनुसार, इस यात्रा का मकसद सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक कड़ा संदेश देना है, जो उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और पूरे गोरखपुर में बैनर व पोस्टर लगाए हैं।
'कुछ चीजें ठंडी ही परोसी जानी चाहिए...': लतीफ भट के खात्मे के बाद CRPF प्रमुख का कड़ा संदेश, बोले- तुम भाग तो सकते हो पर छिप नहीं सकते
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों को मिली ऐतिहासिक सफलता के बाद देश के सुरक्षा तंत्र का हौसला सातवें आसमान पर है। लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कुख्यात और शीर्ष कमांडर लतीफ भट के एनकाउंटर में ढेर होने के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक (DG) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने सुरक्षा बलों की पीठ थपथपाई है। अपने खास और कड़े अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए CRPF प्रमुख ने सोशल मीडिया पर लिखा कि "कुछ चीजें ठंडी ही परोसी जानी चाहिए।"
Latif Bhat Killed Kulgam | कुलगाम मुठभेड़ में आतंक का खौफनाक अंत! CRPF पर हमले का मास्टरमाइंड लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, वीडियो कॉल पर सरेंडर से किया था इनकार
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों को एक बहुत बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच बुधवार को जंगलपोरा गांव में हुई भीषण मुठभेड़ में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का टॉप कमांडर लतीफ भट मारा गया। यह वही कुख्यात आतंकवादी है जिसने हाल ही में कुलगाम में सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों पर हुए कायरतापूर्ण हमले की साजिश रची थी। खास बात यह है कि इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए वीडियो कॉल के जरिए लतीफ भट से संपर्क किया था और उसे हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने का मौका दिया था, लेकिन कट्टरपंथ के रास्ते पर चल चुके आतंकी ने सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया था।
गर्भवती बिलकिस बानो से गैंगरेप और परिवार की हत्या के दोषियों को बेल, SC के फैसले ने पीड़िता को 17 साल बाद क्यों फिर डराया?
सुप्रीम कोर्ट ने बिल्लकिस बानो गैंगरेप और मर्डर केस के दो दोषियों की उम्र कैद की सजा पर रोक लगाकर उन्हें जमानत दे दी। कोर्ट के इस फैसले पर अब बिल्किस बानो ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि उन्हें ना तो सुनवाई की जानकारी दी गई और ना ही अपनी बात रखने का मौका मिला। फैसले की जानकारी भी उन्हें मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए मिली। बिल्किस ने कहा कि इस आदेश ने उनके मन में फिर से डर पैदा कर दिया है। अब वह सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को चुनौती देंगी।
'अक्षर पटेल को ट्रेड करने का कभी नहीं सोचा...', Delhi Capitals के हेड कोच Sourav Ganguly ने दी बड़ी सफाई, कुलदीप-पंत ट्रेड पर भी तोड़ी चुप्पी
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 की नीलामी और रिटेंशन विंडो से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली (Trade) को लेकर क्रिकेट के गलियारों में हलचल तेज रही है। इस बीच, दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आई है। फ्रेंचाइजी के स्टार ऑलराउंडर और भारतीय टीम के अहम सदस्य अक्षर पटेल (Axar Patel) को लेकर पिछले दिनों कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) समेत कुछ अन्य फ्रेंचाइजी अक्षर को अपनी टीम में शामिल करना चाहती हैं।
गठबंधन टूटने के बाद Congress से बढ़ी दूरी, Sonia Gandhi के कार्यक्रम से दूर रहे DMK चीफ Stalin
कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के बीच राजनीतिक दूरी और बढ़ती दिख रही है। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, नई दिल्ली में वरिष्ठ सांसद सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey Of Love) के लॉन्च कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। हालांकि स्टालिन ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष का अभिवादन किया, लेकिन उन्होंने कांग्रेस को बता दिया था कि वे पुस्तक लॉन्च कार्यक्रम में नहीं आ पाएंगे।
110 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, Cyclone Akwan से Andhra और Odisha होंगे प्रभावित
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार कर सकता है। इस तूफान के आंध्र प्रदेश के नरसपुर और ओडिशा के पुरी के बीच के तटीय इलाकों में टकराने (लैंडफॉल) की संभावना है, जिसके साथ तेज हवाएं भी चलेंगी। 18 नवंबर को जारी IMD की उष्णकटिबंधीय चक्रवात सलाह के अनुसार, 'अकवान' उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और तट के करीब पहुंचने पर भी इसके एक भीषण चक्रवाती तूफान बने रहने की उम्मीद है।
India Pakistan Border Smuggling | सीमा पार से नशा और हथियार भेजने वालों पर राजस्थान पुलिस की बड़ी चोट, 28 पाकिस्तानी हैंडलरों की हुई पहचान
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान के इलाकों में ड्रोन के जरिए हथियार, विस्फोटक और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ राजस्थान पुलिस ने एक निर्णायक अभियान छेड़ दिया है। पुलिस ने विभिन्न मामलों की गहन जांच के बाद सीमा पार बैठे 28 पाकिस्तानी हैंडलरों की पहचान की है। अब इन सभी हैंडलरों का पूरा कच्चा-चिट्ठा और डोजियर केंद्रीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के साथ साझा किया जाएगा, ताकि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर इनके नेटवर्क को जड़ से उखाड़ा जा सके।
BSF Jawan Detained in Bangladesh | अनजाने में सीमा पार करने वाले BSF जवान को बांग्लादेश ने किया रिहा, फ्लैग मीटिंग के बाद सुरक्षित वतन वापसी
भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक संवेदनशील घटना सामने आई है, जहां अपनी ड्यूटी के दौरान गलती से सीमा पार कर बांग्लादेशी इलाके में पहुंचे 'सीमा सुरक्षा बल' (BSF) के एक जवान को 'बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश' (BGB) ने हिरासत में ले लिया था। हालांकि, दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के बीच समय रहते हुई 'फ्लैग मीटिंग' (Flag Meeting) और उच्च स्तरीय कूटनीतिक व प्रशासनिक समन्वय के बाद जवान को उसकी सर्विस राइफल समेत सुरक्षित भारत को वापस सौंप दिया गया है।
'मैं अपनी गलतियों की पूरी जिम्मेदारी लेता हूँ': Nvidia छोड़ने के बाद Jensen Huang की पहली प्रतिक्रिया, CEO पद पर वापसी की जताई इच्छा
दुनिया की सबसे मूल्यवान चिपमेकर कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के सह-संस्थापक और पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेनसेन हुआंग ने कंपनी से अपने चौंकाने वाले इस्तीफे के एक हफ्ते बाद पहली बार सार्वजनिक बयान जारी किया है। अपने निजी जीवन की गलतियों को स्वीकार करते हुए हुआंग ने कहा है कि यदि कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को लगता है कि उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और अमेरिका के हित में है, तो वे शीर्ष पद पर लौटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।