By रेनू तिवारी | Sep 08, 2026
Top 10 Breaking News 8 September 2026 | आज की ताज़ा और बड़ी खबरें- देश-दुनिया की ताज़ा और बड़ी खबरें अब आपकी उंगलियों पर! प्रभासाक्षी के इस समाचार बुलेटिन में पढ़ें आज की मुख्य सुर्खियाँ। पूरी जानकारी के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएँ।
दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक पांच मंजिला इमारत ढहने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। इस भीषण हादसे ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अवैध निर्माण, नियम-कायदों की अनदेखी और जर्जर इमारतों के रखरखाव को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जून में हुए एमसीडी के सर्वे में करीब 28 लाख इमारतों की जांच के बाद केवल 19 इमारतों को खतरनाक पाया गया था।
वडोदरा में होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी कार्यक्रम को लेकर जनता के बीच अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। वडोदरा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (VMC) द्वारा BookMyShow के माध्यम से आयोजित मुफ़्त पब्लिक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होते ही महज़ एक घंटे के भीतर सभी सीटें बुक हो गईं। गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'X' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सीटों की क्षमता पूरी होने के बाद 42,000 से अधिक आवेदकों को वेटलिस्ट में रखा गया है।
भारतीय वायु सेना (IAF) अपने लड़ाकू विमान बेड़े को अत्याधुनिक बनाने और हवाई सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। रक्षा मंत्रालय सुखोई Su-30MKI फाइटर जेट्स में रूस की बेहद घातक RVV-BD (अल्ट्रा-लॉन्ग-रेंज) एयर-टू-एयर मिसाइलें एकीकृत करने के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रहा है। आगामी ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा के अवसर पर इस महत्वपूर्ण रक्षा सौदे पर उच्च स्तरीय चर्चा होने की संभावना है।
Kerala में कमजोर Monsoon से बढ़ी तपिश, Punalur में पारा 36.2 डिग्री पहुंचा
तिरुवनंतपुरम, आठ सितंबर दक्षिण-पश्चिम मानसून के कमजोर रहने के कारण केरलम सितंबर की शुरुआत में ही असामान्य गर्मी का सामना कर रहा है और कोल्लम जिले के पुनालूर में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, पुनालूर में सोमवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आमतौर पर केरलम सितंबर में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव में रहता है, लेकिन इसके उलट पहले सप्ताह में असामान्य गर्मी झेलनी पड़ रही है।
दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। रविवार को एक पांच मंजिला इमारत के ढहने से सात लोगों की मौत और छह अन्य के घायल होने के बाद अब दिल्ली नगर निगम (MCD) ने बड़ा फैसला लिया है। ढही हुई इमारत से ठीक सटी बगल की जर्जर बिल्डिंग को अब सुरक्षात्मक तरीके से चरणबद्ध (Phased Demolition) तरीके से गिराया जाएगा। बिल्डिंग अभी गार्ड रेल के सहारे खड़ी है। इसे सहारा देने के लिए आगे, पीछे और बीच में कुल 18-20 गार्ड रेल लगी हैं। हैरानी की बात है कि बिल्डिंग में कोई पिलर या बीम नहीं है। बिल्डिंग का ढांचा बहुत कमजोर है, इसीलिए इसे नोटिस जारी किया गया है। जो बिल्डिंग गिरी थी, उसके बगल वाली बिल्डिंग को अब चरणों में गिराया जाएगा।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होने जा रहे BRICS समिट 2026 को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त कर ली है। अंतरराष्ट्रीय राष्ट्राध्यक्षों और वीवीआईपी अतिथियों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी (Traffic Advisory) जारी की है। इसमें आम जनता और यात्रियों से अपनी यात्रा की योजना समय से पहले बनाने और संभावित डायवर्जन से बचने का आग्रह किया गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली और आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है।
अभिव्यक्ति और धार्मिक आस्था की स्वतंत्रता के नाम पर कानून को चुनौती देने वाली मानसिकता को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कड़ा संदेश दिया है। बरेली हिंसा मामले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के संस्थापक मौलाना तौकीर रजा खान की जमानत याचिका खारिज करते हुए अदालत ने स्पष्ट किया है कि ‘सर तन से जुदा’ जैसा नारा धार्मिक श्रद्धा की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि कानून के शासन, भारत की संप्रभुता और अखंडता के लिए चुनौती के रूप में देखा जा सकता है।
अरावली पहाड़ियों और पर्वतमाला (Aravalli Range) की एक समान वैज्ञानिक परिभाषा तय करने के लिए गठित हाई-पावर कमेटी (HPC) को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कमेटी द्वारा रिपोर्ट सौंपने की समय-सीमा को 28 फरवरी, 2027 तक बढ़ाने की मांग को सिरे से खारिज कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए पैनल को दिन-रात काम करने और 30 नवंबर, 2026 तक अपनी अंतिम रिपोर्ट हर हाल में जमा करने का सख्त निर्देश दिया है। CJI ने केंद्र की ओर से पेश हुईं एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी से कहा, "उन्हें साफ तौर पर मेरे रिटायरमेंट के बाद की तारीख मांगनी चाहिए थी... ऐसा लगता है कि वे मेरे रिटायरमेंट का इंतज़ार कर रहे हैं।
आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि साक्षरता गरीबी के चक्र को तोड़ने और बेहतर भविष्य बनाने का सबसे अच्छा ज़रिया है। X पर एक पोस्ट में आप संयोजक ने सभी के लिए शिक्षा की ज़रूरत पर ज़ोर दिया और कहा कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए, चाहे उनकी आर्थिक स्थिति कैसी भी हो। केजरीवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस की बधाई। साक्षरता गरीबी के चक्र को तोड़ने, बेरोज़गारी कम करने और बेहतर भविष्य बनाने का हमारा सबसे अच्छा ज़रिया है। हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए, चाहे उनकी आर्थिक स्थिति कैसी भी हो, ताकि उन्हें मुकाबला करने और जीतने की ताकत मिल सके।
Delhi Assembly Speaker विजेंद्र गुप्ता को ईमेल से बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
दिल्ली विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को मंगलवार को ईमेल के ज़रिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस ने बताया कि वे सभी ज़रूरी जाँच-पड़ताल के लिए प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं। अभी और जानकारी का इंतज़ार है। इससे पहले, इस साल अप्रैल में दिल्ली विधानसभा को लगातार कई बम की धमकियाँ मिलने के बाद गुप्ता को Z-कैटेगरी की सुरक्षा दी गई थी। विधानसभा सचिवालय के अनुसार, यह फ़ैसला कई बार मिली खास धमकियों और हाल ही में सुरक्षा में हुई एक बड़ी चूक के बाद लिया गया।