By रेनू तिवारी | Feb 06, 2026
Breaking News 6 February 2026 | आज की ताज़ा और बड़ी खबरें- देश-दुनिया की ताज़ा और बड़ी खबरें अब आपकी उंगलियों पर! प्रभासाक्षी के इस समाचार बुलेटिन में पढ़ें आज की मुख्य सुर्खियाँ। पूरी जानकारी के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएँ।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे की शुरुआत करते हुए आज कठुआ में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे अग्रिम क्षेत्रों में पहुंचे। गृह मंत्री ने हीरानगर सेक्टर में गुरनाम और बोबियां सीमा चौकियों का दौरा किया और सीमा की रक्षा कर रहे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों से बातचीत की। कठुआ में गृह मंत्री ने बोबियां में सीमा रक्षकों के लिए छह कल्याणकारी योजनाओं का डिजिटल तरीके से उद्घाटन किया व आधारशिला रखी। हम आपको बता दें कि अमित शाह के लगातार सीमा चौकियों के दौरे को जवानों के बीच बेहद सकारात्मक माना जा रहा है। वह केवल सुरक्षा स्थिति की गहरी समीक्षा ही नहीं करते बल्कि अपने सीधे संवाद से जवानों का हौसला भी बढ़ाते हैं। उनके ऐसे दौरे यह संदेश देते हैं कि देश की सुरक्षा में लगे हर जवान के साथ सरकार मजबूती से खड़ी है और उनके कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। अपने संबोधन में अमित शाह ने खुद भी यह कहा कि वह जवानों से बहुत कुछ प्रेरणा लेकर जाते हैं।
शुक्रवार को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक भीषण विस्फोट हुआ, जिसके बाद शहर में आपातकाल घोषित कर दिया गया। यह विस्फोट, जिसे आत्मघाती हमला माना जा रहा है, इस्लामाबाद के शहजाद टाउन इलाके में स्थित तरलाई इमामबाड़ा में हुआ। शुक्रवार की नमाज के तुरंत बाद हुए विस्फोट में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) में भर्ती कराया गया है। बचाव अभियान जारी है और सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।
पंजाब के जालंधर से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है। शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर शुक्रवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता लकी ओबेरॉय (38) की अंधाधुंध गोलियां मारकर हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जालंधर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने फोन पर बताया कि यह घटना सुबह हुई। उन्हें अचेतावस्था में एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि ओबेरॉय (38) अपने वाहन से गुरुद्वारा पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, वह गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद वहां से निकल रहे थे तभी दोपहिया वाहन पर सवार हमलावरों ने उनपर आठ से 10 गोलियां चलाईं।
राजधानी के जनकपुरी इलाके में गुरुवार रात मोटरसाइकिल से घर लौटते समय एक बाइकर की कथित तौर पर गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान कमल ध्यानी (25) के रूप में हुई है। ध्यानी के भाई ने बताया कि छह पुलिस स्टेशनों में जाने के बाद भी परिवार को कोई मदद नहीं मिली और सुबह फोन करने पर ही उन्हें मौत की सूचना मिली। फोन एक अधिकारी ने उठाया और उन्हें उनकी मृत्यु की सूचना दी।
वेब सीरीज घूसखोर पंडत को लेकर बढ़ते विवाद के बीच लखनऊ के हजरतगंज थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस वेब सीरीज के निर्देशक और निर्माण दल के कई सदस्यों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है। शिकायत में कहा गया है कि वेब सीरीज की विषयवस्तु और विशेषकर उसका नाम जन भावनाओं को आहत करता है और सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ सकता है। प्रशासन ने सीधे कानूनी कदम उठाकर साफ कर दिया है कि जन असंतोष को नजरअंदाज नहीं किया जायेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग (LKM) पर 'परीक्षा पे चर्चा' (PPC) के नौवें संस्करण के दौरान देश भर के छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधा संवाद किया। इस बार पीएम का जोर केवल परीक्षा में अंक लाने पर नहीं, बल्कि 'मेक इन इंडिया' की भावना को अपनाने और जीवन के सर्वांगीण विकास पर रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को 'मेक इन इंडिया' और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' पर ज़ोर दिया, साथ ही छात्रों को अपनी पढ़ाई और हॉबीज़ के बीच संतुलन बनाने की सलाह दी। उन्होंने नई दिल्ली में अपने 7, लोक कल्याण मार्ग (LKM) आवास पर 'परीक्षा पे चर्चा' (PPC) के नौवें एडिशन के दौरान छात्रों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि छात्रों को सभी की सलाह सुननी चाहिए, लेकिन उन्हें हमेशा अपने तरीके से काम करना चाहिए और खुद पर भरोसा रखना चाहिए।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में शुक्रवार को उस वक्त दहशत फैल गई जब शहर के विभिन्न हिस्सों में सैकड़ों कौवे अचानक मृत पाए गए। लैब रिपोर्ट में H5N1 (एवियन इन्फ्लूएंजा) वायरस की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पक्षियों की इस रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में बर्ड फ्लू के संक्रमण का बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। शुक्रवार को चेन्नई में सैकड़ों कौवे मरे हुए पाए गए, लैब टेस्ट में H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है, जिससे इलाके में बर्ड फ्लू फैलने का संकेत मिला है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए आम जनता के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि आगे संक्रमण को रोकने के लिए कौवों और पोल्ट्री के सभी शवों को बायोसिक्योरिटी प्रोटोकॉल के अनुसार या तो जला दिया जाए या गहरे गड्ढे में दफना दिया जाए। लोगों को मरे हुए पक्षियों को छूने या संभालने से बचने की सख्त सलाह दी गई है और किसी भी नए मामले की जानकारी तुरंत स्थानीय अधिकारियों को देने का आग्रह किया गया है। इन नतीजों के बाद, केंद्रीय पशुपालन मंत्रालय ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए तत्काल और व्यापक फील्ड निगरानी करने को कहा है।
अगर आप अक्सर हवाई सफर करते हैं, तो यह खबर आपको डरा सकती है। भारत के आसमान में उड़ने वाला हर दूसरा विमान तकनीकी रूप से पूरी तरह 'फिट' नहीं है। केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा में पेश किए गए चौंकाने वाले आंकड़ों ने भारतीय एयरलाइन्स की सुरक्षा और उनके रखरखाव (Maintenance) की पोल खोल दी है। सरकारी डेटा के मुताबिक, देश के बेड़े में शामिल आधे विमानों में बार-बार तकनीकी खामियाँ (Recurring Snags) सामने आ रही हैं, जो किसी भी बड़े हादसे को दावत दे सकती हैं। इस सूची में सबसे डरावनी स्थिति एयर इंडिया ग्रुप की है, जिसके 72 फीसदी विमानों में बार-बार खराबी दर्ज की गई है। सरकार ने बताया कि पिछले साल जनवरी से छह शेड्यूल्ड एयरलाइंस के 754 विमानों का बार-बार होने वाली खराबी के लिए विश्लेषण किया गया। इनमें से 377 विमानों में बार-बार खराबी पाई गई। इंडिगो के सबसे ज़्यादा विमानों की समीक्षा की गई। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने सदन को लिखित जवाब में बताया कि 3 फरवरी तक इंडिगो के 405 विमानों का विश्लेषण किया गया, और 148 में बार-बार खराबी पाई गई।
मणिपुर में राष्ट्रपति शासन हटने और नई सरकार के गठन के साथ ही राज्य में एक बार फिर तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। चुराचांदपुर जिले में सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुई हैं। यह अशांति नेमचा किपगेन और लोसी दिखो के डिप्टी मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के विरोध में शुरू हुई है। नेमचा किपगेन और लोसी दिखो ने राज्य के डिप्टी मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। गुरुवार को विधायक नेमचा किपगेन के बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार में डिप्टी मुख्यमंत्री के तौर पर शामिल होने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारी तुइबोंग बाज़ार के पास जमा हुए और टायरों सहित फेंके गए सामान के ढेर में आग लगा दी। गुस्साई भीड़ ने किपगेन के खिलाफ नारे भी लगाए।
भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा कि पाकिस्तान 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज मैच में भारत के खिलाफ बहिष्कार के अपने फैसले पर कभी भी यू-टर्न ले सकता है। अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए इरफान पठान ने कहा कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का अपना फैसला बदल सकता है, लेकिन उन्होंने भारत को चुनौती देने की उनकी क्षमता पर सवाल उठाया। पठान ने अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर भारत के हालिया दबदबे का जिक्र किया, जिसमें 2025 एशिया कप में पाकिस्तान पर तीन जीत शामिल हैं।