By मिताली जैन | Feb 16, 2025
फलों का सेवन सेहत के लिए काफी अच्छा माना जाता है। हर किसी को दिन में कम से कम दो बार मौसमी फलों का सेवन करने की सलाह दी जाती है। अमूमन लोग फलों को कई अलग-अलग तरीकों से खाना पसंद करते हैं। मसलन, कुछ लोगों को फलों की चाट खाना अच्छा लगता है और इसलिए वे एक साथ कई फलों को काटकर उसका सेवन करते हैं। हालांकि, इसमें कोई बुराई नहीं है। लेकिन क्या आपको पता है कि ऐसे कई फल हैं, जिन्हें अगर एक साथ लिया जाता है तो ये आपकी सेहत पर नेगेटिव असर डाल सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ फलों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें एक साथ खाना आपके लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है-
अमरूद और केला
केला एक सुपरफूड है और हर किसी को इसे खाने की सलाह दी जाती है। लेकिन आपको इसे कभी भी अमरूद के साथ नहीं खाना चाहिए। दरअसल, ये दोनों मिलकर आपके पेट में कुछ ऐसी प्रतिक्रिया करते हैं, जिससे आपको मतली, सिरदर्द और सूजन की समस्या हो सकती है। इसलिए, आप इन दोनों को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं, लेकिन इन्हें अलग-अलग समय पर ही खाएं।
सेब और आड़ू
सेब के साथ आडू का सेवन करना अच्छा नहीं माना जाता है। इससे टॉक्सिसिटी का रिस्क काफी बढ़ जाता है। दरअसल, इन दोनों फलों में अलग-अलग तरह की शुगर और फाइबर पाया जाता है, जिसकी वजह से पेट में गैस बनने की शिकायत हो सकती है या फिर पेट में दर्द व तकलीफ हो सकती है। पेट में फरमेंटेशन की वजह से आपको भारीपन या ब्लोटिंग का अहसास हो सकता है।
पपीता और नींबू
कुछ लोगों की यह आदत होती है कि वे पपीता काटने के बाद उस पर नींबू का रस छिड़ककर खाते हैं। जबकि आपको ऐसा करने से बचना चाहिए। पपीते के साथ नींबू का सेवन करना अच्छा नहीं माना जाता है। यह हीमोग्लोबिन के लेवल को प्रभावित कर सकता है और रक्त संबंधी समस्याओं का कारण बन सकता है। खासकर गर्भवती महिलाओं को तो यह गलती बिल्कुल नहीं करनी चाहिए।
- मिताली जैन