Delhi-NCR Rain | घर पर ही मनाएं वीकेंड, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया भारी जाम का अलर्ट, चौथे दिन भी तेज बारिश की संभावना

By रेनू तिवारी | Sep 24, 2022

राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में तीसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को लगातार चौथे दिन भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में जलजमाव हो गया है। स्थिति को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अलर्ट जारी किया है, जिसमें यात्रियों को उसी के अनुसार यात्रा की योजना बनाने को कहा गया है। पिछले तीन दिन से लगातार हो रही हल्की व मध्यम बारिश के चलते शहर में कई जगहों पर जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। हालांकि शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। 

ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को इन हिस्सों से बचने की सलाह दी। हनुमान सेतु के पास शांति वैन पर हनुमान मंदिर कैरिजवे, लिबासपुर अंडरपास, महारानी बाग तैमूर नगर कट, सीडीआर चौक, महरौली गुरुग्राम की ओर, अंधेरिया मोड़ वसंत कुंज की ओर, निजामुद्दीन पुल के नीचे, सिंघू बॉर्डर पेट्रोल पंप के पास, एमबी रोड पर जलभराव देखा गया है।

मौसम विभाग का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे से शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे के बीच 15 मिलीमीटर बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को पूरे दिन रुक-रुककर हुई बारिश के कारण शहर के एक बड़े हिस्से में जलजमाव के चलते आवाजाही प्रभावित रही। कई स्थानों पर पेड़ गिरने की भी खबरें हैं। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी ‘येलो’ अलर्ट जारी किया था, जिसके तहत दिल्ली में ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश को लेकर आगाह किया गया था। दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।

इसे भी पढ़ें: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को शंकराचार्य घोषित करने को लेकर विवाद

हालांकि, दिन में शहर में मध्यम बारिश के साथ आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम यानी 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम यानी 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। 

 वायु गुणवत्ता सूचकांक 

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 23 डिग्री सेल्सियस और 28 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार को सुबह नौ बजकर करीब 15 मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 58 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा में सभी स्कूलों में आठवीं तक की कक्षाएं निलंबित

गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को घोषणा की कि बारिश के चलते नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में आठवीं तक की कक्षाएं शनिवार को निलंबित रहेंगी। जिला प्रशासन ने इससे पहले लगातार बारिश के मद्देनजर स्कूलों को शुक्रवार के लिए बंद करने की घोषणा की थी। जिला स्कूल निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने कहा, ‘‘भारी बारिश और सड़कों पर अत्यधिक जलभराव के कारण छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, जिला मजिस्ट्रेट ने सभी बोर्ड के सभी स्कूलों में कक्षा एक से आठवीं तक के छात्रों के लिए 24 सितंबर को अवकाश घोषित किया है। इसलिए, सभी प्रधानाध्यापकों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए।’’

मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भारी बारिश का अनुमान जताया है। गौतम बुद्ध नगर में बृहस्पतिवार से लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी बारिश जारी रही, जिससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया। जिले के कुछ हिस्सों में बारिश के कारण सड़कों पर जाम की सूचना मिली है। वहीं पुलिस ने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि में जिले में 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

प्रमुख खबरें

Japan में Piyush Goyal का बड़ा वादा, Semiconductor और AI सेक्टर के लिए आसान होंगे BIS Certification से जुड़े कड़े नियम

Patna Municipal Corporation नोटिस विवाद: CM Samrat Choudhary ने बनाई समिति

Gaggal Airport जमीन सौदों में 9 बेनामी लेनदेन मिले, CM Sukhu ने विधानसभा में बताया

New Audi Q3 Luxury SUV भारत में पेश, 204 HP पावर और Quattro AWD के साथ मार्केट में मचाएगी तहलका