ट्राई रिपोर्ट: जून में दूरसंचार ग्राहकों की संख्या बढ़कर 134.8 करोड़ हुई, भारती एयरटेल सबसे आगे रही

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026

नयी दिल्ली, 28 जुलाई देश में दूरसंचार ग्राहकों की संख्या जून में मामूली बढ़कर 134.8 करोड़ हो गई। इसमें भारती एयरटेल और रिलायंस जियो के ग्राहकों की संख्या में शुद्ध बढ़ोतरी सबसे अधिक रही। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, भारती एयरटेल ने मई की तुलना में जून में सबसे अधिक 31.63 लाख नए ग्राहक जोड़े।

जून में जुड़े कुल 62 लाख नए ग्राहकों में से एयरटेल और जियो की संयुक्त हिस्सेदारी 54.54 लाख यानी करीब 87 प्रतिशत रही। ट्राई की जून, 2026 की मासिक ग्राहक रिपोर्ट के अनुसार, देश में कुल टेलीफोन कनेक्शन की संख्या मई, 2026 के अंत के 134.31 करोड़ से बढ़कर जून, 2026 के अंत में 134.80 करोड़ हो गई जो मासिक आधार पर 0.37 प्रतिशत की वृद्धि है। जून में कुल ‘वायरलेस कनेक्शन’ बढ़कर 130 करोड़ हो गए जो मई में 129.4 करोड़ थे।

इनमें 114.7 करोड़ उपभोक्ता सिम, 13.47 करोड़ एम2एम (मशीन-टू-मशीन) सिम और 1.78 करोड़ फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस कनेक्शन शामिल हैं। वोडाफोन आइडिया ने जून में 1.63 लाख नए ‘वायरलेस’ ग्राहक जोड़े। सार्वजनिक क्षेत्र की बीएसएनएल ने समीक्षाधीन महीने में 94,006 नए ग्राहक जोड़े।

एमटीएनएल ने जून में 11,284 मोबाइल ग्राहक गंवाए। मई की तुलना में जून में ‘वायरलाइन’ ग्राहकों की संख्या 1.67 प्रतिशत घटकर 4.78 करोड़ रह गई, जो मई में 4.86 करोड़ थी। इसका मुख्य कारण बीएसएनएल के 7.96 लाख फिक्स्ड लाइन ग्राहकों का घटना रहा।

फिक्स्ड लाइन श्रेणी में केवल एयरटेल, रिलायंस जियो और एसटीपीएल ने नए ग्राहक जोड़े जबकि वोडाफोन आइडिया, एमटीएनएल, एपीएसएफएल, टाटा टेलीसर्विसेज और क्वाड्रेंट सहित अन्य सभी कंपनियों के फिक्स्ड लाइन कनेक्शन घटे। जून, 2026 के लिए 1,580 परिचालकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, देश में ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या मई के 108 करोड़ से बढ़कर जून में 108.75 करोड़ हो गई। ब्रॉडबैंड श्रेणी में रिलायंस जियो 53.22 करोड़ ग्राहकों के साथ शीर्ष पर रही।

इसके बाद भारती एयरटेल के 37.99 करोड़, वोडाफोन आइडिया के 13 करोड़, बीएसएनएल के 2.7 करोड़ और एट्रिया कन्वर्जेंस के 24.5 लाख ब्रॉडबैंड ग्राहक रहे।

प्रमुख खबरें

Global Fintech Fest में बोलीं Nirmala Sitharaman: AI से लोकतंत्र और Financial System को खतरा

Services Sector और Exports के दम पर भारत की GDP Growth 7.8% तक पहुंची, IMF ने सराहा

MS Dhoni Mentorship: झारखंड क्रिकेट का नया दौर, दलीप ट्रॉफी जीत से बढ़ी उम्मीदें

Duleep Trophy: Ishan Kishan ने की 15 साल के Vaibhav Suryavanshi के कप्तानी क्षमता की तारीफ