Kashmir Snowfall | जम्मू-कश्मीर में ताजा बर्फबारी, बर्फ जमा होने के कारण बनिहाल-बारामुल्ला खंड पर ट्रेन सेवाएं स्थगित

By रेनू तिवारी | Dec 28, 2024

कश्मीर में शनिवार को भारी बर्फबारी जारी रहने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। शुक्रवार को बर्फबारी शुरू हुई, जो श्रीनगर और घाटी के अन्य मैदानी इलाकों में मौसम की पहली महत्वपूर्ण बर्फबारी थी।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम, गुरेज, जोजिला एक्सिस, साधना टॉप, मुगल रोड और बांदीपुरा, बारामूला और कुपवाड़ा जिलों के कई इलाकों में बर्फबारी हुई। श्रीनगर, गांदरबल, अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां और पुलवामा जिलों के मैदानी इलाकों में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राजमार्ग और मुगल रोड को बंद करना पड़ा। कश्मीर में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे बना हुआ है, हालांकि शुक्रवार को इसमें थोड़ी राहत मिली। केंद्र शासित प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों ही सामान्य से नीचे बने हुए हैं - जो मौसम के इस समय के लिए असमान्य है। कम तापमान के कारण जल आपूर्ति पाइप में पानी जम गया है और डल झील सहित कई जल निकायों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई। मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में बृहस्पतिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के समान ही था। विभाग ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में स्कीइंग गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वर्तमान में कश्मीर घाटी ‘चिल्ला-ए-कलां’ (भयंकर सर्दी) की चपेट में है। इसे सर्दियों का सबसे कठिन समय माना जाता है, जो 21 दिसंबर से शुरू हुआ था। ‘चिल्ला-ए-कलां’ की 40 दिनों की अवधि के दौरान बर्फबारी सबसे अधिक होती है और तापमान काफी गिर जाता है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ अगले साल 30 जनवरी को खत्म होगा, लेकिन शीत लहर जारी रहेगी। 40 दिनों के बाद 20 दिवसीय ‘चिल्ला-ए-खुर्द’ और 10 दिन का ‘चिल्ला-ए-बच्चा’ भी होगा जब घाटी में ठंड में धीरे-धीरे कमी आएगी।

इसे भी पढ़ें: Vishwakhabram | China का Brahmaputra पर सबसे बड़ा बांध बनाने का ऐलान, India- Bangladesh पर मंडराया आपदा का खतरा

बनिहाल-बारामूला खंड पर ट्रेन सेवाएं स्थगित

पटरियों पर भारी बर्फ जमा हो जाने के कारण शनिवार को बनिहाल-बारामूला खंड पर ट्रेन सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। रेलवे अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पटरियों से बर्फ हटाने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने बताया कि रेल की पटरी पर भारी बर्फ जमा होने और लगातार हिमपात के कारण बनिहाल-बारामूला खंड पर ट्रेन सेवाएं शनिवार दोपहर एक बजे तक स्थगित रहेंगी। उन्होंने बताया कि ट्रेनों की आवाजाही शुरू होने से पहले एक डब्ल्यूडीएम इंजन के साथ एक स्नो कटर को ट्रैक पर चलाया जाएगा।

जम्मू-कश्मीर में मुगल रोड पर हिमपात में फंसे छह लोगों को बचाया गया

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मुगल रोड पर भारी हिमपात के बीच फंसे छह लोगों को पुलिस ने बचा लिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात शोपियां से सुरनकोट जा रहे दो वाहन छत्ता पानी में हिमपात में फंस गए, जिससे उनमें सवार लोग चुनौतीपूर्ण मौसमी परिस्थितियों में घिर गए। पुलिस ने बताया कि उसकी एक टीम मौके पर पहुंची और त्वरित बचाव अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हिमपात और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा करते समय सावधानी बरतें तथा मौसम की स्थिति के बारे में जानकारी रखें।

इसे भी पढ़ें: मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार पर सियासत, राहुल ने मोदी सरकार पर लगाया अपमान का आरोप, BJP का पलटवार

रामबन में जम्मू-कश्मीर राजमार्ग पर बस पर पत्थर गिर जाने से महिला पर्यटक की मौत

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी से एक पत्थर लुढ़क कर एक मिनी बस पर गिर गया, जिससे एक महिला पर्यटक की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मेहर इलाके में हुई, जहां शुक्रवार रात एक एक पत्थर मिनी बस की खिड़की से टकरा गया जिससे बस में बैठी महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि घायल महिला को रामबन के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिनी बस जम्मू से रामबन जा रही थी तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी रूबी अग्रवाल के रूप में की है।

प्रमुख खबरें

नंदीग्राम के बाद ममता को एक और झटका, TMC के रेजीनगर उम्मीदवार ने उपचुनाव से वापस लिया नाम

Asian Games Opening Ceremony में Pawan Sehrawat बने भारत के ध्वजवाहक, Tajinderpal Toor की जगह ली

Pinarayi Vijayan पर FIR के ED अनुरोध पर महाधिवक्ता की राय का अध्ययन कर रहा गृह विभाग

विकसित देशों में भारत से 6 गुना ज्यादा प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन, PM मोदी ने जलवायु परिवर्तन और वैश्विक एलायंस को लेकर दिया बड़ा संदेश