By राजीव शर्मा | Mar 07, 2022
मेरठ, विधानसभा चुनाव 2022 की मतगणना की तैयारियों में जिला प्रशासन जुट गया है। रविवार को एसडी इंटर कालेज सदर में 532 में से 506 कार्मिकों को मतगणना का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। सीडीओ शशांक चौधरी ने कार्मिकों से कहा कि मतगणना का प्रत्येक कार्य जल्दबाजी बिल्कुल न करते हुए सामने बैठे प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं को दिखाकर तथा उन्हें संतुष्ट करके ही पूरा करें। मतगणना पूर्ण रूप से निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी।
प्रशिक्षण में 133 टीमों के लिए 532 कार्मिकों को बुलाया गया था लेकिन 26 कार्मिक प्रशिक्षण में नहीं पहुंचे। इनमें से कुछ सेवानिवृत्त हो गए हैं। कुछ शहर के बाहर थे, तो कई लोग बीमार हैं। गैरहाजिर कार्मिकों को आज विकास भवन में बुलाया गया है।
पोस्टल बैलेट की गणना के दौरान मतपत्रों की स्कैनिंग कार्य के लिए 35 टीमें लगाई जाएंगी। इन टीमों को आज (सोमवार) विकास भवन सभागार में प्रशिक्षण दिया जाएगा। पोस्टल बैलेट की गणना के लिए 5 मार्च को पहले चरण का प्रशिक्षण हो चुका है। उसमें अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों को भी आज बुलाया गया है।