By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026
ऑस्ट्रेलिया और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए अपना काम के बोझ को प्रबंधित करने के लिए आईपीएल 2027 से हटने का फैसला कर सकते हैं। एक खबर में यह दावा किया गया है। ‘क्रिकइन्फो’ के अनुसार हेड ने आगामी सत्र में नहीं खेलने के अपने फैसले से फ्रेंचाइजी को अवगत करा दिया है और सनराइजर्स उन्हें रिलीज कर सकती है।
यदि ऐसा होता है तो आईपीएल 2027 में हेड और अभिषेक शर्मा की सनराइजर्स की चर्चित सलामी जोड़ी एक साथ खेलती नजर नहीं आएगी। हेड के हटने से सनराइजर्स की बल्लेबाजी को बड़ा झटका लग सकता है। हालांकि इससे फ्रेंचाइजी के पास 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी के लिए बड़ी रकम उपलब्ध हो सकती है।
हेड को सनराइजर्स ने 2025 की बड़ी नीलामी से पहले 14 करोड़ रुपये में रिटेन (अपने साथ बरकरार रखना) किया था। सभी फ्रेंचाइजी के लिए खिलाड़ियों को रिटेन और रिलीज करने की अंतिम मंगलवार 17 नवंबर है। सनराइजर्स ने पहली बार 2024 की आईपीएल नीलामी में हेड को छह करोड़ 80 लाख रुपये में खरीदा था।
उन्होंने उस सत्र में 191.55 के स्ट्राइक रेट और 40 से अधिक के औसत से 567 रन बनाकर टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि फाइनल में सनराइजर्स को कोलकाता नाइटराइडर्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। हेड ने आईपीएल 2025 में 374 और आईपीएल 2026 में 410 रन बनाए थे।
उन्होंने सनराइजर्स के लिए 43 मैच में 176.14 के स्ट्राइक रेट और 32.95 के औसत से 1,351 रन बनाए हैं। अभिषेक के साथ उनकी जोड़ी को शानदार सफलता मिली। दोनों बल्लेबाजों ने ना केवल आईपीएल बल्कि टी20 क्रिकेट में भी सलामी बल्लेबाजी के अंदाज में बड़ा बदलाव किया।