ओडिशा के Keonjhar में जाहिरा पर हमले के खिलाफ संथाली आदिवासियों का बड़ा प्रदर्शन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

ओडिशा के क्योंझर जिले में संथाल समुदाय के पूजा स्थल जाहिरा पर हुए हमले के विरोध में सैकड़ों आदिवासियों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। माझी परगना महल और मिलिता आदिवासी कल्याण मंच के संयुक्त आह्वान पर संथाल समुदाय के बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं एकत्र हुए। विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने आदिवासियों के इस विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के शासन में वे लगातार खुद को असुरक्षित और उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने आदिवासी समुदाय के सदस्यों और उनके पवित्र पूजा स्थलों पर हमले होने देकर उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। आरोप है कि कुछ उपद्रवियों ने 23 अक्टूबर को क्योंझर जिले के घासीपुरा इलाके के बसंतपुरा गांव में एक जाहिरा पर उस समय हमला किया, जब संथाल समुदाय के सदस्य अपने पवित्र पूजा स्थल पर धार्मिक अनुष्ठान कर रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि बजरंग दल से जुड़े कुछ लोग पवित्र परिसर में घुस आए और वहां तोड़फोड़ की। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद आदिवासी महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार भी किया और बुजुर्ग पुरुषों, महिलाओं तथा युवाओं पर हमला किया। पुलिस ने इस मामले में बजरंग दल के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

बीजद नेता और पूर्व मंत्री सुदाम मरांडी ने कहा कि पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल के बसंतपुरा गांव का दौरा करने और आदिवासी समुदाय के सदस्यों से बातचीत करने तक पुलिस कई दिनों तक चुप रही। मरांडी ने संवाददाताओं से कहा कि हालांकि, पुलिस अब तक इस घटना में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में विफल रही है। मरांडी ने यह भी आरोप लगाया कि क्योंझर जिले के अलावा सुंदरगढ़ जिले में भी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आदिवासी युवाओं पर संगठित तरीके से हमले किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतें दर्ज कराए जाने के बावजूद पुलिस उचित कार्रवाई करने में विफल रही है। मरांडी ने कहा, “यह बेहद निंदनीय है कि आदिवासी समुदाय लगातार असुरक्षित बना हुआ है, जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री आदिवासी समुदाय से हैं और केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री भी ओडिशा से हैं।”

प्रमुख खबरें

Humain Labs ने Accel और Lighthouse Canton से 47 Million Dollar की नई Funding जुटाई

Congress ने Punjab चुनाव समिति बनाई, Pargat Singh संभालेंगे अगुवाई

Scotch Whisky के आयात पर शुल्क 162.5% पहुंचा, बंदरगाहों पर अटके 80 कंटेनर

Jharkhand में कर्मचारियों और पेंशनर्स का DA बढ़कर 63 फीसदी हुआ, कैबिनेट ने दी मंजूरी