By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
झारखंड सरकार ने अपने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) मौजूदा 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत कर दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पेंशनभोगियों के महंगाई राहत (डीआर) में भी तीन प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जिससे यह बढ़कर 63 प्रतिशत हो गई है।
यह फैसला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘महंगाई भत्ते में वृद्धि एक जुलाई से प्रभावी होगी।’’ अधिकारियों ने बताया कि इस फैसले से राज्य सरकार के करीब तीन लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को लाभ होगा। मंत्रिमंडल ने कुल 41 प्रस्तावों को मंजूरी दी।
इनमें पलामू जिले के विश्रामपुर में डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए 37.36 करोड़ रुपये की मंजूरी भी शामिल है। इसके अलावा, ‘मिशन वात्सल्य’ योजना के तहत साहिबगंज जिले में एक संप्रेक्षण गृह के निर्माण के लिए 9.75 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। अधिकारियों के अनुसार पाकुड़, सरायकेला-खरसावां, जामताड़ा और रांची जिलों में सड़क नेटवर्क के विकास से जुड़ी 207.80 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई।
मंत्रिमंडल ने उसरी वीयर परियोजना के उन्नयन के लिए 30.20 करोड़ रुपये तथा बालूडीह शाखा नहर और संबंधित संरचनाओं के लिए 51.96 करोड़ रुपये की मंजूरी दी।