By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 16, 2026
(फाइल फोटो के साथ) अगरतला, 16 अगस्त त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रविवार को कहा कि आदिवासी परिषद के आगामी ग्राम समिति चुनाव में गठबंधन के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के बीच बातचीत अब भी चल रही है। उनका बयान ऐसे समय में आया है जब एक दिन बाद टीएमपी भावी गठजोड़ पर निर्णय लेने के लिए अपनी महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करने वाली है। त्रिपुरा आदिवासी क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) की 587 ग्राम समितियों के लिए सितंबर के पहले पखवाड़े में चुनाव होने हैं।
उन्होंने चुनाव के लिए टीएमपी के साथ गठबंधन को लेकर उम्मीद जताई। टीएमपी सुप्रीमो प्रद्योत किशोर देबवर्मा ने चुनाव के वास्ते पार्टी की रणनीति तय करने के लिए सोमवार को यहां एक बैठक बुलायी है। पार्टी विधायक रंजीत देबवर्मा ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो को गठबंधन पर और बातचीत करने के लिए दिल्ली से फोन आया है तथा वह पार्टी नेताओं से फीडबैक लेने के बाद दिल्ली जा सकते हैं।