By अभिनय आकाश | Nov 10, 2026
मिडटर्म चुनावों में मिली करारी शिकस्त ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राजनीतिक समीकरणों को हिलाकर कर रख दिया है। इस चुनाव में भारतीय-अमेरिकी समुदाय का रुझान सबसे निर्णायक साबित हुआ, जहाँ लगभग 65 फीसदी भारतीय मूल के मतदाताओं ने रिपब्लिकन पार्टी को नकारते हुए डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया। इस चुनावी झटके के फौरन बाद ट्रंप प्रशासन का रुख भारतीय प्रवासियों के प्रति बेहद सख्त हो गया है। माना जा रहा है कि राजनीतिक प्रतिशोध और अपनी कट्टर अमेरिका फर्स्ट नीति के तहत ट्रंप सरकार ने अब भारतीय कामगारों और प्रवासियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। प्रशासन अब H-1B वर्क वीज़ा के नियमों को और अधिक कड़ा करने के साथ-साथ अमेरिका में मौजूद 18,000 अवैध भारतीय प्रवासियों के निर्वासन की प्रक्रिया को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाने की तैयारी में है। आंकड़े बताते हैं कि संकट की यह आहट पहले से ही ज़मीन पर दिख रही थी। साल 2025 में 3,567 भारतीयों को निर्वासित किया गया, जो पिछले 15 वर्षों का सर्वाधिक आंकड़ा था, जबकि इस वर्ष जून तक ही 1,076 लोगों को वापस भेजा जा चुका है। वहीं, वीज़ा सख्ती का सीधा असर पेशेवरों पर भी पड़ा है। भारत से H-1B वीज़ा पंजीकरण पिछले साल के 1.72 लाख से गिरकर इस साल महज़ 1.06 लाख रह गया है। यह नया कदम साफ संकेत है कि अमेरिका में रह रहे और वहां जाने का सपना देख रहे भारतीयों के लिए आने वाले दिन बेहद चुनौतीपूर्ण साबित होने वाले हैं।
ट्रम्प समर्थक श्वेत कट्टरपंथी खुद को मागा कहते हैं। मागा यानी मेक अमेरिका ग्रेट अगेन। वे भारतीयों के बढ़ते दबदबे को नापसंद करते हैं। जनवरी 2024 से जून 2026 के बीच एक्स पर भारतीय विरोधी नफरत 240% बढ़ी। जनवरी 2024 में भारत विरोधी 12,904 पोस्ट थीं, जो जून 2026 में बढ़कर 43,843 हो गई थीं। सिएटल में दिवाली प्रोग्राम में ट्रम्प के मागा समर्थक पहुंच गए। उनके हाथों में कुछ पोस्टर थे, जिन पर लिखा था- सभी भारतीयों को देश से निकालो, हिंदू ईसाइयों की जगह ले रहे हैं।
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के बाद भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ नस्लीय नफरत का मामला सामने आया है। सीएटल में दिवाली समारोह के दौरान दो दक्षिणपंथी कार्यकर्ता जेक लैंग और थॉमस एलन पोस्टर लेकर पहुंच गए। पोस्टरों पर 'डिपोर्ट ऑल डॉट हेड्स' (सभी डॉट हेड्स को देश से निकालो) और 'क्रिश्चियन अमेरिका में हिंदुओं का कब्जा' जैसे नारे लिखे थे। डॉट हेड्स शब्द भारतीयों, खासकर बिंदी या माथे पर तिलक लगाने वाले दक्षिण एशियाई लोगों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला नस्लीय अपमानजनक शब्द है। घटना के बाद आयोजको ने दोनों को कार्यक्रम से बाहर कर दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। कांग्रेस सदस्य प्रमिला जयपाल ने घटना की निंदा करते हुए इसे नस्लवादी बताया। ट्रंप समर्थकों का आरोप है कि मध्यावधि चुनावों में ट्रंप की पार्टी की हार के पीछे भारतीयों का हाथ था। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे रहे थे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों का विरोध किया और उन्हें वहां से हटा दिया।
हिंदुओं पर डेमोक्रेट्स की जीत में मदद करने का आरोप
भारतीयों के खिलाफ नारे लगाने वालों में से एक की पहचान जैक लैंग के रूप में हुई है। वह राष्ट्रपति ट्रम्प के समर्थक हैं। कार्यक्रम से बाहर निकाले जाने के बाद, जैक लैंग ने हिंदुओं को दोष देना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि टेक्सास में डेमोक्रेटिक पार्टी को जिताने में हिंदुओं ने मदद की थी। लैंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दिवाली कार्यक्रम के दौरान 'एंटीफा' (Antifa) और हिंदू समुदाय के दर्जनों लोगों ने उन पर और उनके साथियों पर हमला किया। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने उनके साथ मारपीट की और उनका झंडा तोड़ दिया। कार्यक्रम के बाहर, उन्होंने कहा कि वे अमेरिका के टेक्सास और वाशिंगटन में ईसाइयों की जगह हिंदुओं के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
जैक लैंग 'व्हाइट रिप्लेसमेंट' से जुड़ी एक संस्था चलाते हैं और 4 साल जेल में बिता चुके हैं
जैक लैंग अमेरिका में एक दक्षिणपंथी कार्यकर्ता हैं और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक हैं। वे 'व्हाइट रिप्लेसमेंट' नाम का एक संगठन चलाते हैं। 6 जनवरी 2021 को जब ट्रंप समर्थकों ने अमेरिकी कैपिटल पर हमला किया, तो जैक लैंग भी उनमें शामिल थे। इस मामले में उन पर कई आरोप लगे, जिनमें पुलिस अधिकारियों पर हमला करना भी शामिल था। उन्होंने लगभग चार साल जेल में बिताए। जनवरी 2025 में राष्ट्रपति बनने के बाद, ट्रंप ने उन्हें माफ़ कर दिया। इसके बाद भी, वे प्रवासियों, मुसलमानों और अन्य समुदायों के ख़िलाफ़ कई विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लेते रहे हैं। 2026 में, उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के टिकट पर फ्लोरिडा से अमेरिकी सीनेट का चुनाव लड़ने की भी कोशिश की।