Commonwealth Games 2026: डोपिंग उल्लंघन से तूलिका मान बाहर, मुक्केबाजी और लॉन बॉल्स में आगे बढ़े भारतीय खिलाड़ी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 25, 2026

राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का डोपिंग विवाद लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है जहां पिछली बार रजत पदक जीतने वाली जूडो खिलाड़ी तूलिका मान ग्लास्गो पहुंचने से पहले ही अपने ठिकाने (वेयरअबाउट्स) नियम के उल्लंघन के कारण निलंबित हो गईं, जबकि लॉन बॉल्स और मुक्केबाजी में भारतीय खिलाड़ियों ने जीत के साथ अगले दौर में जगह बना ली। भारत ने अब तक एक पदक सुनिश्चित कर लिया है। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को महिला 75 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में सीधे प्रवेश मिलने से उनका कम से कम कांस्य पदक पक्का हो गया है। वहीं, भारत के उभरते हुए युवा मुक्केबाज जदुमणि सिंह ने पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग में मेजबान स्कॉटलैंड के एरॉन कुलेन को एकतरफा अंदाज में हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस बार खेलों का आयोजन सीमित स्तर पर होने के कारण दूसरे दिन के भारत की प्रतिस्पर्धाएं भी सीमित रहीं।

इसे भी पढ़ें: Lovlina Borgohain की सेमीफाइनल में एंट्री, CWG 2026 में भारत के लिए पहला Medal पक्का कर अब Gold पर नजर

 भारत ने शुरुआत में 14 सदस्यीय जूडो टीम को मंजूरी दी थी, जिसमें सात पुरुष और सात महिला खिलाड़ी शामिल थे। डोपिंग के कारण दो खिलाड़ियों के बाहर होने के बाद अब टीम में 12 खिलाड़ी रह गए हैं। हर मुकाबले से पहले करीब 10 किलोग्राम वजन घटाने की मजबूरी से मुक्त होने के बाद जदुमणि पहले से कहीं अधिक आत्मविश्वास से भरे नजर आए। घरेलू दर्शकों के जबरदस्त समर्थन के बावजूद कुलेन के खिलाफ जदुमणि तकनीकी और रणनीतिक दोनों ही स्तर पर बेहतर साबित हुए। उन्होंने सर्वसम्मत निर्णय से जीत दर्ज की और अब अगले दौर में उनका सामना पाकिस्तान के सुमामा रहमान से होगा। लॉन बॉल्स में रूपा रानी टिर्की (लीड) और पिंकी सिंह (स्किप) ने स्कॉटिश इवेंट कैंपस (एसईसी) हॉल-3 में खेले गए सेक्शन-बी के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की थाबेलो मुव्हांगो (लीड) और जैकी जैनसे वैन रेंसबर्ग (स्किप) की जोड़ी को 2-0 से हराया। भारतीय जोड़ी ने दोनों सेट 6-4 और 7-5 से जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों ने कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन भारतीय जोड़ी ने पूरे मुकाबले में बेहतर नियंत्रण बनाए रखा। इस जीत के साथ भारत सेक्शन-बी की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। 

पुरुष एकल वर्ग के सेक्शन-डी के दूसरे दौर में असम पुलिस के अधिकारी पुतुल सोनोवाल को फॉकलैंड द्वीपसमूह के सेसिल अलेक्जेंडर के खिलाफ जीत के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। 43 वर्षीय सोनोवाल ने पहले सेट में 3-4 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए 7-5 से जीत दर्ज की। दूसरे सेट में हालांकि अलेक्जेंडर ने बेहतर खेल दिखाते हुए 8-6 से जीत हासिल की और मुकाबला 1-1 की बराबरी पर पहुंचा दिया। इसके बाद टाई-ब्रेक में सोनोवाल ने दबाव में शानदार संयम बनाए रखा और निर्णायक अंक जीतकर रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया। पैरा पावरलिफ्टिंग में भारतीय खिलाड़ी कोई कमाल नहीं कर सके। अशोक मलिक शुक्रवार को पुरुष लाइटवेट स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहे। अशोक ने कुल 143.8 अंक जुटाए, लेकिन वह पदक जीतने से चूक गए। इंग्लैंड के मार्क स्वान ने 153.9 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता।

इसे भी पढ़ें: CWG 2026: Lovlina Borgohain का मेडल पक्का, Coach बोले- आसान ड्रॉ ने किया कमाल

 नाइजीरिया के रोलैंड एजुरुइके ने भी 153.9 अंक हासिल किए और रजत पदक अपने नाम किया, जबकि मलेशिया के बॉनी बुन्याउ गस्टिन ने 153.5 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता में भारत के एक अन्य खिलाड़ी परमजीत कुमार 135.6 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहे। पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के चार सदस्यीय पैरा पावरलिफ्टिंग दल को पुरुष हेवीवेट वर्ग में सुधीर के स्वर्ण पदक के रूप में एकमात्र पदक मिला था। हालांकि बाद में डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर सुधीर पर दो वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया गया और उनका स्वर्ण पदक भी वापस ले लिया गया। कार्तिक बुडिगिना राष्ट्रमंडल खेलों की पैरा तैराकी प्रतियोगिता में पदक जीतने से मामूली अंतर से चूक गए। वह शुक्रवार को पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 वर्ग के फाइनल में चौथे स्थान पर रहे। बुडिगिना ने फाइनल में 57.57 सेकंड का समय निकाला। इस स्पर्धा में भारत के दूसरे तैराक इमाम अली ने 1:03.73 मिनट का समय लेकर सातवां स्थान हासिल किया। 

इसे भी पढ़ें: 2026 Commonwealth Games| FIFA के बाद अब CWG!क्या फिर रचा जाएगा इतिहास??|Teh Tak Part 4

दक्षिण अफ्रीका के नाथन हेंड्रिक्स ने 54.54 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। स्कॉटलैंड के स्टीफन क्लेग ने 55.16 सेकंड के साथ रजत, जबकि इंग्लैंड के मैथ्यू रेडफर्न ने 56.86 सेकंड के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। एस13 वर्ग दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए निर्धारित पैरा तैराकी श्रेणी है। इससे पहले हीट में हिस्सा लेने वाले सभी आठ तैराकों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। बुडिगिना ने 57.10 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया था, जबकि इमाम अली 1:05.32 मिनट के समय के साथ आठवें स्थान पर रहे थे। बुडिगिना ने अपने खेल करियर की शुरुआत रोइंग से की थी, लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने पैरा तैराकी को अपना खेल बनाया। इससे पहले दो बार के ओलंपियन श्रीहरि नटराज ने पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

 कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके नटराज ने हीट में 25.52 सेकंड का समय निकाला। उन्होंने बरमूडा के जैक हार्वे के साथ संयुक्त 14वां स्थान हासिल किया और शीर्ष-16 तैराकों में शामिल होकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। अपनी आठ तैराकों वाली हीट में नटराज पांचवें स्थान पर रहे। इन खेलों का आयोजन केवल चार स्थलों पर किया जा रहा है, जो आठ मील (करीब 13 किलोमीटर) के दायरे में स्थित हैं। इस बार खेलों में सिर्फ 10 खेलों को शामिल किया गया है। बैडमिंटन, निशानेबाजी, कुश्ती और हॉकी जैसे खेल कार्यक्रम का हिस्सा नहीं हैं, जिनमें भारत परंपरागत रूप से बड़ी संख्या में पदक जीतता रहा है।

प्रमुख खबरें

इंडियाज़ गॉट लेटेंट विवाद और सूफी मोतीवाला का सहारा, Apoorva Mukhija का छलका दर्द, Lock Upp 2 में रो पड़ीं

फ्लिपकार्ट ने पार्सल पहुंचाने के लिए भारतीय डाक के साथ की साझेदारी, ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर होंगी सेवाएं

ईमानदार करदाताओं को सहूलियत दें और जानबूझकर कर चोरी करने वालों पर करें सख्त कार्रवाई: निर्मला सीतारमण

जम्मू कश्मीर सरकार ने कठुआ ग्रिड स्टेशन के उन्नयन के लिए 15.22 करोड़ रुपये की परियोजना को दी मंजूरी